नीट पेपर लीक : भगवान भोलेनाथ की तस्वीर लेकर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन

UPT | नीट पेपर धांधली के विरोध में प्रदर्शन करते युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता।

Jul 05, 2024 01:39

कांग्रेस ने कहा कि नीट पेपर लीक से देश के लाखों छात्रों का भविष्य दांव पर लगा है, हजारों युवा सड़कों पर उतरकर न्याय मांग रहे हैं, लेकिन नरेंद्र मोदी चुप्पी साधे हुए हैं।

Short Highlights
  • प्रदर्शनकारियों को गाड़ियों से भेजा ईको गार्डन
  • युवा कांग्रेस ने  शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मांगा इस्तीफा
Lucknow News : नीट पेपर लीक को लेकर विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को युवा कांग्रेस के नेताओं और कार्यकताओं ने पार्टी मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि केन्द्र सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। सभी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की। विधानभवन का घेराव करने के लिए बढ़े प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रोक लिया।

भाजपा सरकार युवाओं की आवाज दबाने की कर रही कोशिश 
कांग्रेस ने कहा कि नीट पेपर लीक से देश के लाखों छात्रों का भविष्य दांव पर लगा है, हजारों युवा सड़कों पर उतरकर न्याय मांग रहे हैं, लेकिन नरेंद्र मोदी चुप्पी साधे हुए हैं। आज प्रदेश युवा कांग्रेस के साथी नीट परीक्षा रद्द करने और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर विधानसभा का घेराव करने के लिए आगे बढ़े। जिसे रोकने के लिए तानाशाह भाजपा सरकार ने अपनी कठपुतली पुलिस से लाठी चार्ज करवा दियाा। भाजपा सरकार युवाओं की आवाज को दबाने के लिए कितना भी कोशिश कर ले, लेकिन कांग्रेस पार्टी उनकी आवाज को लगातार सड़क से संसद तक बुलंद करती रहेगी और युवाओं को न्याय दिलाकर रहेगी।

भगवान भोलेनाथ की तस्वीर लेकर प्रदर्शन
नीट पेपर धांधली के विरोध में यूथ कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता माल एवेन्यू स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के बाहर एकत्र हुए। इसके बाद इन लोगों ने भगवान भोलेनाथ की तस्वीर लिए केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विधान भवन की ओर कूच किया। दरअसल कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बीते दिनों लोकसभा में हिंदू धर्म और भगवान शिव की अभयमुद्रा का जिक्र किया था। इस दौरान उन्होंने भगवान शिव की तस्वीर भी दिखाई। इसलिए युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता भी हाथों में भगवान शिव की तस्वीर लिए हुए थे। इनके आगे बढ़ने पर पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शकारियों को रोक लिया। जब प्रदर्शनकारी नहीं रुके तब पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया और गाड़ियों में बैठकर ईको गार्डन भेजा। बाद में सभी को छोड़ दिया गया। 

पुलिस के साथ धक्का-मुक्की
पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को रोकने का प्रयास किया। लेकिन जब युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता नहीं रुके तब पुलिस ने बलपूर्वक उन्हे हिरासत में ले लिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का मुक्की भी हुई। 

परीक्षा को दोबारा कराने की मांग
यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक शिवहरे ने कहा कि सरकार ने पेपर लीक का विश्व रिकार्ड बनाया है। युवाओं और बेरोजगारों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने नीट परीक्षा को दोबारा कराने की मांग उठाई। शिवहरे ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ देने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होने तक हमारा प्रदर्शन जारी रहेगा। 

Also Read