Meerut News : मेरठ में आईएमडी का यलो अलर्ट जारी, तापमान @ 45 डिग्री

UPT | meerut weather update today

Jun 15, 2024 15:43

जून के 15 दिन में 10 दिन तापमान 42 से 43 डिग्री से के बीच दर्ज किया गया है। लगातार बढ़ते तापमान से गर्मी बढ़ी है। बारिश न होने से कोई राहत नहीं दिखाई दे रही।

Short Highlights
  • मेरठ सहित पूरा पश्चिम यूपी लू की चपेट में 
  • पछुआ के साथ रेगिस्तान की गर्म हवा का प्रवेश
  • लोगों को करना पड़ रहा है भीषण गर्मी का सामना 
     
Meerut Weather: मेरठ में मौसम का मिजाज एक बार फिर गर्मा रहा है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर अगले दो दिन तक दिन के साथ रात का भी तापमान बढ़ने का अनुमान जताया है। मंगलवार को दिन भर हल्के बादल मंडराने के बावजूद लोगों को तेज धूप की तपिश बेहाल करती रही। रविवार को भी ऐसा हाल रहने वाला है। तापमान 45 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। 

जून का एक पखवाड़ा खत्म
जून का एक पखवाड़ा खत्म हो गया है। लेकिन गर्मी के तेवर अभी बरकरार हैं। हीटवेव के असर से गर्मी लोगों को झुलसा रही है। हीटवेव के कारण शरीर का तापक्रम बढ़ रहा है। लोगों को आंखों में पानी निकलने की शिकायत हो रही है। शुक्रवार की रात इस जून महीने में अब तक की सबसे गर्म रात दर्ज की गई। शुक्रवार की रात अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष की मानें तो अभी दो दिन तक गर्मी से किसी प्रकार की राहत की उम्मीद नहीं है। 

15 दिन में 10 दिन तापमान 42 से 43 डिग्री से के बीच दर्ज
जून के 15 दिन में 10 दिन तापमान 42 से 43 डिग्री से के बीच दर्ज किया गया है। लगातार बढ़ते तापमान से गर्मी बढ़ी है। बारिश न होने से कोई राहत नहीं दिखाई दे रही। शुक्रवार को मेरठ का अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री व न्यूनतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। मेरठ का एक्यूआई भी बढ़ा हुआ है। मेरठ का औसत एक्यूआई का स्तर 210 दर्ज किया गया। 

पुरवा हवा का प्रवेश रूकने से नमी का स्तर कम
मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष ने बताया कि पछुआ हवा के साथ रेगिस्तान की गर्म हवा प्रवेश कर रही है। पुरवा हवा का प्रवेश रूकने से नमी का स्तर कम हो रहा है। इसके चलते भीषण गर्मी का सामना लोगों को करना पड़ रहा है। दोपहर में गर्म हवा के थपेड़े चेहरे को झुलसा रहे हैं। बताया कि कमोवेश यही स्थिति अभी दो दिन ऐसे ही रहेगी। उन्होंने बताया कि अभी बारिश के आसार कम हैं। 
 

Also Read