रामनगरी में राष्ट्रपति : द्रौपदी मुर्मू ने किया रामलला और हनुमानजी का दर्शन-पूजन, खुशहाल राष्ट्र की कामना की

द्रौपदी मुर्मू ने किया रामलला और हनुमानजी का दर्शन-पूजन, खुशहाल राष्ट्र की कामना की
UPT | राष्ट्रपति ने रामलला के दर्शन किए।

May 01, 2024 22:45

राष्ट्रपति भारत गणराज्य द्रौपदी मुर्मू बुधवार को परिवार के साथ रामनगरी पहुंचीं। हनुमान गढ़ी, राम जन्मभूमि, कुबेर टीला पर पूजन अर्चना के साथ पवित्र पावनि सरयू की आरती भी उतारीं। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

May 01, 2024 22:45

Short Highlights
  • राष्ट्रपति अपने परिवार के साथ अयोध्या पहुंचीं, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
  • कुबेर टीला पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक कर किया दर्शन-पूजन
Ayodhya News : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को परिवार के साथ रामनगरी पहुंचीं। हनुमान गढ़ी, राम जन्मभूमि, कुबेर टीला पर पूजा के साथ पवित्र सरयू नदी की आरती भी उतारीं। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। राष्ट्रपति का अयोध्या दर्शन कार्यक्रम पूर्व निर्धारित था।

राज्यपाल ने किया स्वागत
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अयोध्या धाम में नवनिर्मित महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर करीब शाम 4 बजे आगमन हुआ। जहां पर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, मंडलायुक्त व जिलाधिकारी अयोध्या द्वारा पुष्प भेंट कर स्वागत किया गया। यहां से राष्ट्रपति व राज्यपाल हनुमानगढ़ी पहुंचीं। यहां महंथ बलराम दास, हेमंत दास आदि ने उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बजरंग बली सरकार का पूजन-अर्चन किया। हनुमानगढ़ी दर्शन-पूजन के बाद राष्ट्रपति ने सरयू तट स्थित साकेत होटल में विश्राम कर अल्पाहार किया। इसके बाद उनका काफिला सरयू आरती स्थल नयाघाट रवाना हुआ। 
2100 बाती से राष्ट्रपति ने उतारी मां सरयू की आरती, किया पूजन 
सरयू तट पर उन्होंने 2100 बाती के दीपकों से आरती उतारी। यहां राष्ट्रपति ने सरयू नदी का विधि-विधान से पूजन भी किया। कार्यक्रम में परिवार के लोग भी शामिल रहे। उन्होंने दुग्धाभिषेक करते हुए सरयू माता जी की आरती उतारीं। राष्ट्रपति ने करीब आधे घंटे तक सरयू नदी का दर्शन-पूजन और आरती की। इस दौरान उन्होंने सरयू आरती के समिति के अध्यक्ष महंत शशिकांत दास से सरयू की महिमा के बारे में जानकारी प्राप्त की। 

भव्य व दिव्य मंदिर में विराजे रामलला का किया पूजन-अर्चन
 श्रीराम जन्मभूमि परिसर में पहुंचीं राष्ट्रपति ने जन्मभूमि पर दिव्य और भव्य बन रहे राम मंदिर में विराजमान रामलला का दर्शन-पूजन किया। यहां पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास, महासचिव चम्पत राय, सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा, गोपाल जी, पुजारी सत्येन्द्र दास जी द्वारा राष्ट्रपति व राज्यपाल का स्वागत किया गया। इसके बाद राष्ट्रपति ने भगवान श्रीराम के बाल स्वरूप विग्रह का विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर रामलला की आरती उतारी। श्रीराम का दीदार कर वे भावविभोर हो गईं। उनके स्वागत में मंदिर परिसर सहित पूरे गर्भगृह को भव्य रूप से फूलों से सजाया गया था। रामलला का दर्शन-पूजन करने के बाद कुबेर टीला पहुंचीं, जहां उन्होंने परिवार के संग कुबेश्वर महादेव का विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर आरती- उतारी किया।वहां पर स्थापित जटायु स्टेचू का अवलोकन किया।
एयरपोर्ट से लेकर अयोध्या धाम तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे
सपरिवार अयोध्या दर्शन पर पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए एयरपोर्ट से लेकर अयोध्या धाम तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह आवागमन रोका गया था। भ्रमण कार्यक्रम समाप्ति के बाद काफिला महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचा जहां से राष्ट्रपति दिल्ली के लिए प्रस्थान कीं। भ्रमण कार्यक्रम के दौरान जनपद के प्रभारी मंत्री सूर्यप्रताप शाही, मंडलायुक्त अयोध्या गौरव दयाल, सुरक्षा एडीजे जोन अमरेन्द्र सिंह सेंगर, जिलाधिकारी अयोध्या नितीश कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकरन नैय्यर, अपर जिलाधिकारी समेत उच्चाधिकारियों की टीम मौजूद रही।
 

Also Read

आनंदीबेन पटेल ने कहा- आत्मनिर्भर बनें और दूसरों को दें रोजगार

19 Sep 2024 08:01 PM

अयोध्या कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में पहुंचीं राज्यपाल : आनंदीबेन पटेल ने कहा- आत्मनिर्भर बनें और दूसरों को दें रोजगार

आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के 26वें दीक्षांत समारोह में प्रदेश की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने अपने भाषण में कहा कि कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के चलते विश्वविद्यालय ने नैक में उच्च ग्रेड A++ प्राप्त किया... और पढ़ें