बलरामपुर। जिले के एक पीएमश्री विद्यालय में मैथ्स-साइंस गार्डेन विकसित किया जाएगा। महानिदेशक, स्कूल शिक्षा के निर्देश पर यह योजना लागू की जाएगी और काम दिसंबर 2026 तक पूरा कराया जाना है।
गार्डेन के निर्माण तथा गणित और विज्ञान से जुड़े मॉडल व उपकरणों की स्थापना पर कुल पांच लाख रुपये खर्च किए जाने हैं। गार्डेन में ड्रोन, सोलर सिस्टम मॉडल, ट्रैफिक टॉवर ट्री, डायरेक्शन टॉवर ट्री, डिस्टेंस मीटर मॉडल, एसएसएलवी और एआर सोलर सिस्टम चार्ट समेत करीब 16 तरह के मॉडल लगाए जाएंगे।
मॉडल व उपकरण
विद्यालय परिसर में बच्चों की पहुंच और सुविधा का ध्यान रखकर ये मॉडल और उपकरण लगाए जाएंगे। इन उपकरणों से विद्यार्थी किताबों के अलावा प्रयोग और गतिविधियों के माध्यम से विज्ञान के सिद्धांत और गणितीय अवधारणाएँ देख कर और करके समझ सकेंगे। गार्डेन में रखे जाने वाले मॉडल वास्तविक अभ्यास और प्रदर्शन के लिए उपयुक्त होंगे।
गार्डेन का उपयोग सिर्फ चयनित विद्यालय तक सीमित नहीं रहेगा। संबंधित विद्यालय के साथ आसपास के अन्य परिषदीय स्कूलों के विद्यार्थियों को भी भ्रमण कराकर वहां के मॉडल व प्रयोगों का लाभ दिलाया जाएगा। इससे ग्रामीण व छोटे स्कूलों के बच्चों को भी प्रयोगात्मक शिक्षा का मौका मिलेगा।
कार्य की खरीदारी सरकारी ई-मार्केटप्लेस (जेम) पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। काम की गुणवत्ता और प्रगति की निगरानी के लिए जिला स्तर पर समिति गठित की जाएगी। समिति में जिलाधिकारी अध्यक्ष, मुख्य विकास अधिकारी सदस्य, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सदस्य-सचिव, विज्ञान विषय के एक शिक्षक और रोबोटिक्स या साइंस इनोवेशन से जुड़े तकनीकी विशेषज्ञ सदस्य शामिल होंगे।
आगे की कार्यवाही
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि शासन की गाइडलाइन व मानकों के अनुसार जल्द ही जिला स्तर पर पीएमश्री विद्यालय का चयन किया जाएगा। खंड शिक्षा अधिकारियों से अब प्रस्ताव मांगे जा रहे हैं और इसके बाद तकनीकी स्वीकृति व खरीद प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
स्रोत: अमर उजाला

