हरियाणा में खेला के बाद यूपी कांग्रेस दफ्तर पर सन्नाटा : जानें जम्मू-कश्मीर को लेकर क्या बोले कार्यकर्ता और कहां बांटी गई 100 किलो जलेबी

जानें जम्मू-कश्मीर को लेकर क्या बोले कार्यकर्ता और कहां बांटी गई 100 किलो जलेबी
UPT | उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय

Oct 08, 2024 17:02

कांग्रेस को हरियाणा के चुनाव नतीजों से बड़ी उम्मीद थी। इसे लेकर यूपी में भी पार्टी नेता पहले से बड़े बड़े दावे कर रहे थे। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भी हरियाणा में पार्टी की सरकार बनने का दावा किया था। लेकिन, मंगलवार को चुनाव परिणामों की स्थिति स्पष्ट होने के बाद उनके बड़ा झटका लगा।

Oct 08, 2024 17:02

Lucknow News : हरियाणा में बड़े अंतर से जीत का दावा कर रही कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। इसका असर उत्तर प्रदेश में कांग्रेस मुख्यालय में भी देखने को मिला। मंगलवार सुबह रुझान आने के बाद पार्टी दफ्तर में कार्यकर्ता जहां जोश में दिखे, वहीं धीरे-धीरे तस्वीर का रुख बदलने के बाद उनका जोश ठंडा हो गया। हालांकि जम्मू-कश्मीर के नतीजों ने उन्हें जरूर राहत दी। इसके बावजूद प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सहित कोई बड़ा नेता प्रदेश मुख्यालय में नजर नहीं आया। 

कांग्रेस को लगा बड़ा झटका, यूपी में भी निराशा
कांग्रेस को हरियाणा के चुनाव नतीजों से बड़ी उम्मीद थी। इसे लेकर यूपी में भी पार्टी नेता पहले से बड़े बड़े दावे कर रहे थे। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भी हरियाणा में पार्टी की सरकार बनने का दावा किया था। लेकिन, मंगलवार को चुनाव परिणामों की स्थिति स्पष्ट होने के बाद उनके बड़ा झटका लगा। ऐसे में कांग्रेस प्रवक्ता जम्मू कश्मीर की जीत की दुहाई देने लगे। पार्टी प्रवक्ता सुधांशु वाजपेयी ने उत्तर प्रदेश टाइम्स से बातचीत में कहा कि विधानसभा चुनाव दो राज्यों में ​था। एक में हमारे गठबंधन को जीत मिली है। इसलिए हम मैच हारे नहीं हैं बल्कि मुकाबला टाई हुआ है।
 

जम्मू-कश्मीर ने जख्मों पर लगाया मरहम
वाजपेयी ने कहा कि जम्मू कश्मीर में नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस का पूर्ण बहुमत मिलना इसलिए भी बेहद अहम है, क्योंकि वहां भाजपा ने पूरी ताकत लगा दी थी। पिछले दस सालों में राज्य में चुनाव होने नहीं होने दिया। जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा छीन लिया गया। लेकिन, भाजपा को वहां नाकामी मिली। अनुच्छेद 370 वहां काम नहीं आया। जम्मू कश्मीर को स्टेटहुड यानी पूर्ण राज्य का दर्जा बड़ा मुद्दा था। 



जीत के दावों के बीच हो गया खेल
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि जहां तक हरियाणा की बात है तो मीडिया रिपोर्ट्स से लेकर चुनाव के दौरान जाने वाला हर शख्स वहां हमारी पार्टी की सरकार बनने की बात कह रहा था। परिवर्तन की बात कही जा रही थी। लेकिन, फिर भी हम चूक गए और खेल हो गया। हालांकि हमारा वोट प्रतिशत अभी भी लगभग 37.66 फीसदी है। भाजपा को भी लगभग इतने वोट मिल रहे हैं। ऐसे में स्पष्ट है​ कि किसान, नौजवान और महिलाएं सभी भाजपा से नाराज हैं। लेकिन, सीटों के अंतर के कारण भाजपा वहां आगे निकल गई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि हमारा जोश कम नहीं हुआ है। जम्मू कश्मीर में गठबंधन की जीत पर हमने जलेबी भी खाई। हमारा पैगाम मोहब्बत का है, जम्मू कश्मीर में गठबंधन जीत हुई है तो मिठाई के साथ अन्य लोगों को भी जलेबी भी खाएंगे। 

100 किलोग्राम जलेबी का ऑर्डर देने वाले बोले- लंबी है लड़ाई
वहीं हरियाणा में कांग्रेस की जीत पर 100 किलोग्राम जलेबी का ऑर्डर देने वाले यूपी कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के कार्यकारी अध्यक्ष मनोज यादव भी पहले सुबह पूरे जोश के साथ जलेबी की दुकानों में नजर आए। उन्होंने पार्टी की जीत के लिए जलेबी तैयार होने की भी बात कही। हालांकि बाद में तस्वीर बदलने के साथ उन्होंने अलग बात कही। मनोज यादव ने कहा कि देश के मस्तक जम्मू कश्मीर में कांग्रेस पार्टी के गठबंधन को लोगों का अपार समर्थन और प्यार मिला। हरियाणा की जनता ने हमें भरपूर समर्थन दिया कुछ मतों के अंतर से हम लोग भले ही पीछे रह गए हैं। लेकिन, लड़ाई हमारी लंबी है।

दिलों और जुबान पर मिठास घोलने के लिए जलेबी का वितरण 
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सांप्रदायिक पूंजीवादी और समाज में विभाजनकारी विचारों के जरिए देश में लोगों के बीच नफरत फैलाती है। हम लोगों के दिलों और जुबान पर मिठास घोलने के लिए जलेबी का वितरण  करते रहेंगे। कांग्रेस पार्टी इस देश की विविधता में एकता, कौमी एकता सामाजिक सौहार्द व आपसी प्रेम भाईचारा बनाए रखने की लड़ाई लड़ती रहेगी। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के मानवतावादी दृष्टिकोण व सामाजिक न्याय की लड़ाई में हम सब एकजुट होकर पूरे देश में लड़ेंगे और जीतेंगे। मनोज यादव ने सड़क में राहगीरों, श्रमिकों आदि के बीच जलेबी भी बांटी। 

Also Read

महिला आयोग की अध्यक्ष बोलीं- सभी जिलाधिकारी करें पालन

8 Oct 2024 06:43 PM

लखनऊ कार्य स्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न की दें जानकारी : महिला आयोग की अध्यक्ष बोलीं- सभी जिलाधिकारी करें पालन

आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि जिन विभागों में कमेटी गठित नहीं है या फिर अस्तित्व में नहीं है, उनका सभी विवरण आयोग को जल्द से जल्द उपलब्ध कराया जाए। और पढ़ें