Lucknow News : उत्तर प्रदेश ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान में स्थापित किया नया कीर्तिमान

उत्तर प्रदेश ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान में स्थापित किया नया कीर्तिमान
UPT | एक पेड़ मां के नाम' अभियान

Sep 26, 2024 23:14

उत्तर प्रदेश ने एक बार फिर से देश में अपनी अग्रणी भूमिका साबित की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू किए गए 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान में उत्तर प्रदेश ने सबसे अधिक पौधरोपण कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

Sep 26, 2024 23:14

Lucknow News : उत्तर प्रदेश ने एक बार फिर से देश में अपनी अग्रणी भूमिका साबित की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू किए गए 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान में उत्तर प्रदेश ने सबसे अधिक पौधरोपण कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में राज्य ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना में 26.5 करोड़ से अधिक पौधे लगाकर देश भर में सर्वोच्च स्थान हासिल किया है।

उत्तर प्रदेश का रहा सबसे अधिक योगदान 
केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर इस उपलब्धि की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि पूरे देश में इस अभियान के तहत कुल 80.84 करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए हैं, जिसमें उत्तर प्रदेश का योगदान सबसे अधिक रहा है।



पौधे लगाने का बनाया था रिकॉर्ड
यह उपलब्धि उत्तर प्रदेश के लिए कोई नई बात नहीं है। इससे पहले भी राज्य ने 20 जुलाई, 2023 को 'पेड़ लगाओ, पेड़ बचाओ जनअभियान-2024' के अंतर्गत एक ही दिन में 36.51 करोड़ पौधे लगाने का रिकॉर्ड बनाया था। उस अभियान में ग्राम्य विकास विभाग ने 13.54 करोड़ और वन विभाग ने 12.64 करोड़ पौधे लगाए थे। जिलों में सोनभद्र ने सबसे अधिक 1.53 करोड़ पौधे लगाकर अग्रणी भूमिका निभाई थी।

अद्वितीय कीर्तिमान किया स्थापित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए अपने 'एक्स' अकाउंट पर लिखा, "'माता भूमिः पुत्रोऽहं पृथिव्याः' मंत्र को आत्मसात कर उत्तर प्रदेशवासियों ने धरती माता के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में यह अद्वितीय कीर्तिमान स्थापित किया है।" उन्होंने आगे कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री के आह्वान पर प्रदेशवासियों की अटूट प्रतिबद्धता और अपार जनसमर्थन का प्रमाण है।

कई विभागों और संस्थाओं ने लिया बढ़-चढ़ के हिस्सा
इस अभियान की सफलता में कई विभागों और संस्थाओं का योगदान रहा है। स्थानीय निकायों, शैक्षणिक संस्थानों, गैर-सरकारी संगठनों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विशेष रूप से युवाओं और छात्रों की भागीदारी उल्लेखनीय रही, जिन्होंने न केवल पौधे लगाए बल्कि उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया। 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान का उद्देश्य केवल संख्यात्मक लक्ष्य हासिल करना नहीं है, बल्कि लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। इस अभियान के माध्यम से लोगों को प्रकृति के प्रति सम्मान और मातृत्व के महत्व का संदेश दिया गया है।

Also Read