मथुरा। वृंदावन के वराह घाट मार्ग पर स्थित गऊ कृपा कुंज आश्रम की छत से शुक्रवार को संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारीशरण ने छलांग लगाकर जान दे दी। उन्हें नीचे गिरा देखकर अन्य साधकों ने अस्पताल पहुंचाया था, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दी गई जानकारी के अनुसार दीपक की मौत का कारण “अधिक रक्तस्राव, गंभीर चोटें” बताया गया है। उनके सीधे पैर में एडी से ऊपर की हड्डी टूटने और मांस फटने के साथ सिर पर चोटें भी पाई गईं। पोस्टमार्टम में यह भी बताया गया कि उनके प्राइवेट पार्ट कटे हुए थे।
पोस्टमार्टम व जांच
सीओ वृंदावन संदीप सिंह ने कहा, “मामला केवल आत्महत्या का नहीं है। प्राइवेट पार्ट काटना अपने आप में गंभीर विषय है। कमरे में मिला ग्राइंडर इस घटना में बड़ा साक्ष्य है।” फॉरेंसिक टीम ने ग्राइंडर से जांच के नमूने लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आश्रम में आने-जाने वालों का डेटा बना रही है और दुलारीशरण के कमरे में आने-जाने वालों की सूची तैयार कर उनसे जानकारी जुटाई जाएगी।
पुलिस ने आश्रम में साथ रहने वाले शिष्य जुगलशरण व आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की है। उन्हें मिली जानकारी के अनुसार दुलारीशरण बिजली का काम जानते थे और आश्रम में इस काम में सहयोग करते थे। आश्रम प्रबंधन की चुप्पी पर भी सवाल उठ रहे हैं और ब्रज के कई संत निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं; कुछ ने मजिस्ट्रियल जांच तो कुछ ने सीबीआई से जांच कराने की मांग भी की है।
आश्रम के बाहर सन्नाटा पसरा हुआ है और कई शिष्य कहना बच रहे हैं कि उन्हें इस बारे में कोई आदेश नहीं है। बाहर काम कर रही एक लेबर ने बताया कि वह बाहर से आई थी और सड़क पर किसी को पड़ा देखा था, पर और जानकारी नहीं थी।
दुलारीशरण के परिजन शव का वृंदावन के केसी घाट पर अंतिम संस्कार कर उन्होंने जबलपुर के लिए रवाना हो गए। छोटे भाई मनीष ने कहा, “अगर संत प्रेमानंद महाराज परिजन से मिलते तो वह उनसे पूछते की महाराजजी आपके होते हुए ऐसा कैसे हो गया।” मां लौंगदेवी रोते-बिलखते बोलीं, “बेटे की मौत ने उन्हें झकझोर दिया है… पिछली बार जब बेटे से मुलाकात हुई तो उन्होंने समझाया था कि बेटा तुम घर लौट चलो, तब उसने कह दिया कि मां अब तो मेरा यही घर हैं।”
पुलिस ने मामला गंभीरता से लेते हुए फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार शुरू कर दिया है। जांच में मिलने वाले नए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्रोत: अमर उजाला

