आगरा। शहर के एक नामी स्कूल का 14 वर्षीय आठवीं का छात्र शुक्रवार से लापता चल रहा था। शनिवार तड़के उसे मथुरा के फरह क्षेत्र में रोडवेज बस से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया।
छात्र ने घर से बैग उठाकर निकलने की बात बताई। उसने पबजी और इंस्टाग्राम की लत से गरीबी मिटाने के लिए बाहर जाने की बात कही और कहा कि वह एक लाख रुपए जीतकर अपनी विधवा मां को देना चाहता था।
ट्रेसिंग और बरामदगी
सीसीटीवी फुटेज में छात्र जैन मंदिर के पास एक ऑटो में सवार होता दिखा। पुलिस पूछताछ में पता चला कि ऑटो से वह आगरा आने के बाद ग्वालियर जाना चाहता था, लेकिन गलती से इंदौर जाने वाली बस में बैठ गया। इंदौर पहुंचने पर गलतियॉं का अहसास होने पर वह लौटने के लिए दूसरी बस में बैठा और सो गया।
नींद खुलने पर वह मथुरा पहुंच चुका था। शुक्रवार रात साइबर सेल को इंस्टाग्राम से उसकी लोकेशन मथुरा में मिली। पुलिस टीम ने शुक्रवार रात मथुरा पहुंचकर निगरानी बढ़ाई। शनिवार तड़के जब छात्र फिर से ऑनलाइन आया और आगरा-मथुरा हाईवे पर भ्रमण कर रहा था, तो टीम ने पीछा कर फरह के पास रोडवेज बस रुकवा ली और युवक को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने बताया कि छात्र ने घर से निकलते समय सिम कार्ड निकाल दिया था, पर रास्ते में राहगीरों से इंटरनेट उधार लेकर इंस्टाग्राम और पबजी चला रहा था। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में दक्षिण थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह व साइबर सेल की टीम ने मिलकर केस सुलझाया।
छात्र को फिरोजाबाद लाकर उसकी रोती-बिलखती मां के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चे को परिजनों के हवाले कर दिया गया है। – रविशंकर प्रसाद, एसपी सिटी
स्रोत: अमर उजाला

