अम्बेडकरनगर। लगातार हो रही बारिश से फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए जिला प्रशासन ने स्थलीय सर्वे शुरू करा दिया है। शनिवार को जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह अकबरपुर व महरुआ क्षेत्र में पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
अधिकारियों ने कई गांवों में किसानों से जानकारी लेकर खेतों का निरीक्षण किया। डीएम ने आगाह किया कि 26 और 27 सितंबर को तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना है और लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। उन्होंने कच्चे व जर्जर मकानों, कच्ची दीवारों और पेड़ों से दूर रहने की सलाह दी।
सर्वे और राहत की तैयारी
अधिकारियों ने बताया कि कृषि एवं अन्य फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए ब्लॉकवार सर्वे टीमें गठित कर दी गई हैं। ये टीमें गांवों में जाकर बारिश से प्रभावित फसलों का स्थलीय निरीक्षण करेंगी और सर्वे के आधार पर नियमानुसार प्रभावित लोगों को राहत उपलब्ध कराई जाएगी।
डीएम ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय की हेल्पलाइन नंबर 1077 पर सूचना दी जाए। अपर जिला कृषि अधिकारी रोहित साहू ने बताया कि सभी क्षेत्रों में निगरानी की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं।
मौसम और बारिश के आंकड़े
इस सितंबर में अब तक कुल 151.5 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है, जबकि पिछले साल पूरे सितंबर में सिर्फ 2 मिमी ही बारिश हुई थी। 24 और 25 सितंबर को 36.2 मिमी बारिश हुई और शुक्रवार शाम से शनिवार दोपहर एक बजे तक 52.3 मिमी रिकॉर्ड किया गया। इन तीन दिनों में कुल 88.5 मिमी बारिश दर्ज हुई।
स्थानीय तौर पर अकबरपुर में 9 मिमी, भीटी में 13 मिमी, जलालपुर में 6.5 मिमी, टांडा में 17 मिमी और आलापुर में 6.8 मिमी बारिश हुई। इस दौरान कई स्थानों पर जलभराव भी देखा गया और खेतों की फसलें प्रभावित हुईं।
बारिश और तेज हवा के कारण कई जगह पेड़ व बिजली के खंभे गिरने से मकानों और गोशालाओं को नुकसान हुआ। अकबरपुर-अयोध्या मार्ग पर रग्घुपुर के पास गूलर का पेड़ गिरने से आवागमन करीब एक घंटे बाधित रहा। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में क्षति का ब्योरा इकट्ठा कर आगे की राहत प्रक्रिया शुरू कर दी है।
स्रोत: अमर उजाला

