रेलवे सुरक्षा बल के महानिदेशक का आगरा दौरा : सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों के हितों पर विशेष ध्यान देने के दिए निर्देश

UPT | आरपीएफ के महानिदेशक को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।

Sep 08, 2024 23:35

आरपीएफ के महानिदेशक ने रविवार को आगरा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आगरा मण्डल सुरक्षा आयुक्त कार्यालय का निरीक्षण किया। कार्यालय प्रांगण में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।

Agra News : रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ) के महानिदेशक मनोज यादव ने रविवार को आगरा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आगरा मण्डल सुरक्षा आयुक्त कार्यालय का निरीक्षण किया। कार्यालय प्रांगण में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। निरीक्षण के समय ए.एन. सिन्हा, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त/रेल सुरक्षा बल प्रयागराज, अनुभव जैन, वरि. मण्डल सुरक्षा आयुक्त/रेल सुरक्षा बल आगरा और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

अपराध और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा
महानिदेशक मनोज यादव ने आगरा रेल मण्डल के अधिकारियों से मुलाकात कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अपराध नियंत्रण और सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें मण्डल की भौगोलिक स्थिति, आपराधिक आंकड़े और रेल सुरक्षा बल द्वारा की गई उपलब्धियों का विश्लेषण किया गया। इस दौरान उन्होंने रेल और यात्री संपत्ति की सुरक्षा के लिए बल को सतर्कता से काम करने के निर्देश दिए। साथ ही, आगरा मण्डल में आरपीएफ कर्मियों द्वारा किए गए अच्छे कार्यों की सराहना भी की।

सुरक्षा सम्मेलन और शिकायतों का निस्तारण
निरीक्षण के बाद महानिदेशक ने एक सुरक्षा सम्मेलन का आयोजन किया, जिसमें बल के सदस्यों और अधिकारियों ने भाग लिया। सम्मेलन के दौरान उन्होंने कर्मियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान होना चाहिए।

शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर जोर
महानिदेशक ने आरपीएफ कर्मियों को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखने के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कर्मियों को सलाह दी कि मोबाइल फोन का कम से कम उपयोग करें, पौष्टिक आहार लें, नियमित व्यायाम करें और नशा, मद्यपान जैसी बुरी आदतों से दूर रहें।

पदोन्नति और वित्तीय लाभ की जानकारी
मनोज यादव ने बल के सदस्यों को पदोन्नति और वित्तीय लाभों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कर्मियों को यह आश्वासन दिया कि नियमानुसार उन्हें समय-समय पर प्रमोशन और अन्य लाभ दिए जाएंगे। उन्होंने पर्यवेक्षक अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अधीनस्थों की फिटनेस और विकास पर विशेष ध्यान दें। 

रेलवे सुरक्षा पर सतर्कता की अपील
महानिदेशक ने यह भी बताया कि रेलवे अपराधियों और आतंकवादियों के निशाने पर रहता है। रेलवे लाइन पर उत्पन्न हो रहे अवरोधों को देखते हुए उन्होंने सभी को सतर्क और जागरूक रहने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने यात्रियों को भी अपराध रोकथाम के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया। 

Also Read