फिरोजाबाद से बड़ी खबर : पटाखा गोदाम में हुआ भीषण धमाका, दर्जनभर मकान गिरे, 4 लोगों की मौत, कई घायल

UPT | धमाके से कई मकान गिर गए।

Sep 17, 2024 01:35

ग्रामीणों ने बताया कि नौशहरा में भूरे खां का पटाखा गोदाम है। वह शिकोहाबाद में रहता है। गोदाम में इन दिनों दीपावली को लेकर स्टाक किया जा रहा है। अचानक सोमवार की रात करीब 10 बजे तेजी से ब्लास्ट हुआ और धमाके के साथ पटाखा गोदाम के आसपास के दर्जनभर मकान गिरते चले गए।

Firozabad News : फिरोजाबाद से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां सोमवार की देर रात एक पटाखा गोदाम में धमाका होने से कई मकान गिर गए। हादसे में चार लोगों की मरने की सूचना है। घटना फिरोजाबाद के शिकोहाबाद मार्ग पर स्थित नौशहरा की है। पटाखा गोदाम में हुए ब्लास्ट से आसपास के करीब दर्जनभर मकान एक-एक करके गिरते चले गए। चार लोगों के मरने की पुष्टि हो गई है। माना जा रहा है कि काफी लोग जमींदोज हो रहे मकानों में दब गए हैं। फिलहाल एक ही परिवार के सात लोगों को घायल अवस्था में अस्पताल भेजा गया है। ग्रामीणों के साथ पुलिस की टीमें बचाव कार्य में जुटी हैं। अधिकारियों का दल भी मौके पर पहुंचा है और राहत कार्य चल रहा है।
दीपावली के लिए गोदाम में स्टाक किया जा रहा था पटाखा
जानकारी के मुताबिक ग्रामीणों ने बताया कि नौशहरा में भूरे खां का पटाखा गोदाम है। वह शिकोहाबाद में रहता है। गोदाम में इन दिनों दीपावली को लेकर स्टाक किया जा रहा है। अचानक सोमवार की रात करीब 10 बजे तेजी से ब्लास्ट हुआ और धमाके के साथ पटाखा गोदाम के आसपास के दर्जनभर मकान गिरते चले गए। मकानों के लेंटर बीच से टूटे हैं और कई मकानों की दीवारें टूटने के साथ ही लेंटर ऊपर आने से राहत और बचाव कार्य में परेशानी आ रही है।

इनकी हुई मौत
शिकोहाबाद के सरकारी अस्पताल में पहुंची मीरा देवी (52 वर्ष) पत्नी महेश पाल को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया है। इसके अलावा पंकज (24 वर्ष), अमन (26 वर्ष) और इच्छा (3 वर्ष) की भी मौत हो गई। इसके अलावा आधा दर्जन से अधिक घायलों को एंबुलेंसों से अस्पतालों में भिजवाया गया है। दर्जनभर परिवारों के दबे लोगों को राहत कार्य लगातार चल रहा है। मौके पर डीएम रमेश रंजन और एसएसपी सौरभ दीक्षित मौके पर अधिकारियों के साथ पहुंचकर व्यवस्थाएं संभाल रहे थे।

इनके गिरे मकान
धमाके के बीच नौशहरा निवासी विनोद कुशवाह, चंद्रकांत, गुड्डू, श्याम सिंह, अनिल, विष्णु, राकेश, पप्पू, अखिलेश, राधा मोहन, संजय, सुरेंद्र, गौरव, राममूर्ति, प्रेम सिंह, नाथूराम, सोनू, दिनेश, जगदीश, राजेन्द्र, संतोष और इनके आसपास के मकान पूरी तरह गिर चुके हैं।

Also Read