मथुरा में होगा भव्य जन्माष्टमी उत्सव : योगी सरकार की तैयारियां शुरू, ब्रज तीर्थ विकास परिषद को आर्थिक मदद मिलेगी

UPT | Janmashtami festival

Aug 07, 2024 00:16

मंत्री ने बताया कि ब्रज तीर्थ विकास परिषद को आयोजन के लिए पर्याप्त धन उपलब्ध कराया जाएगा। वे 26 अगस्त को होने वाले इस उत्सव की तैयारियों का जायजा लेने मथुरा पहुंचे थे...

Mathura News : उत्तर प्रदेश की योगी सरकार मथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उत्सव भव्य रूप से मनाने की योजना बना रही है। राज्य के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने सोमवार को घोषणा की कि भगवान श्रीकृष्ण का 5251वां जन्मोत्सव अत्यंत भव्य, दिव्य और यादगार होगा।

पर्याप्त धन उपलब्ध कराया जाएगा
मंत्री ने बताया कि ब्रज तीर्थ विकास परिषद को आयोजन के लिए पर्याप्त धन उपलब्ध कराया जाएगा। वे 26 अगस्त को होने वाले इस उत्सव की तैयारियों का जायजा लेने मथुरा पहुंचे थे। उन्होंने स्थानीय प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, धार्मिक संस्थानों के प्रतिनिधियों और संत समाज से मुलाकात कर उनके सुझाव लिए।

विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित
जयवीर सिंह ने कहा कि सरकार इस जन्मोत्सव को अद्वितीय बनाने के लिए प्रयासरत है। ब्रज तीर्थ विकास परिषद आयोजन की रूपरेखा तैयार कर रही है।  हाल ही में हाथरस में हुई भगदड़ की घटना के मद्देनजर, मंत्री ने इस बार विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को अतिरिक्त सुरक्षा बल का प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया है, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।

ब्रज तीर्थ विकास परिषद को दी जिम्मेदारी
भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव को खास बनाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने जिम्मेदारी ब्रज तीर्थ विकास परिषद और जिला प्रशासन को दी है। इसमें संतों के सुझाव के अनुरूप दो दिवसीय समारोह के दौरान विभिन्न धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक वर्ष उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद इस मौके पर सम्पूर्ण ब्रज में उत्सव को धूमधाम से मनाने के लिए धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराता है। ब्रज के तीर्थ स्थलों को सजाया संवारा जाता है।

पर्यटन मंत्री की मीटिंग
इस बार 5251 वें श्रीकृष्ण जन्म समारोह को और भव्यता पूर्ण मनाने की कार्य योजना तैयार करने के लिए पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह मथुरा आए। उन्होंने  उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद कार्यालय के सभागार में बैठक की। इस बैठक में ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र सहित डीएम, एसएसपी, नगर आयुक्त और विभिन्न विभागों के प्रमुख सहित ब्रज के संत, महंत, मंदिर के प्रबंधक तथा सेवायतों के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के आयोजन पर चर्चा हुई।

Also Read