Agra News : शहर का न्यूनतम तापमान पहुंचा 7 डिग्री सेल्सियस, बन रही कोल्ड कंडीशन, लोग परेशान

Uttar Pradesh Times | घने कोहरे में वाहन की हेडलाइट जलाकर चलते दिखाई दिए

Jan 06, 2024 12:09

आगरा शहर का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। ठंड बढ़ने का असर जनजीवन पर पड़ रहा है। शुक्रवार सुबह से ही सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए हैं। घने कोहरे के चलते वाहनों को दिन में भी लाइट जलाकर चलना पड़ रहा है।

Short Highlights
  • बेसहारा लोग अलाव का सहारा लेते हुए दिखाई दिए
  • घने कोहरे और ठंड के चलते लोग हुए बेहाल 
  • ट्रेने भी चल रही घंटों देरी से, यात्री हो रहे परेशान 
     
Agra (प्रदीप रावत): आगरा में सर्दी का सितम बरकरार है। लगातार पांचवें दिन भी कोल्ड डे कंडीशन बनी हुई है। शनिवार सुबह घना कोहरा होने के चलते वाहन की हेडलाइट जलाकर धीरे धीरे चलते दिखाई दिए।। बेसहारा लोग रात भर अलाव का सहारा लेते हुए दिखाई दिए।। शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 07 डिग्री दर्ज किया गया। इस गलन भरी सर्दी से बचने के लिए लोग दिन और रात में अलाव का सहारा लेते व हाथ तापते नजर आ रहे हैं। शुक्रवार को भी आगरा का न्यूनतम तापमान लगभग 7 डिग्री और अधिकतम तापमान लगभग 17 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ दिनों कोल्ड डे रहेगा तो बारिश की भी संभावना है।

ठंड की तीव्रता बढ़ी
ताजनगरी में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जिससे जन-जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। शुक्रवार सुबह सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। दोपहर में लगा कि सूर्य देवता नजर आएंगे लेकिन ऐसा नही हुआ और दोपहर तीन बजे के बाद फिर से ठंड की तीव्रता बढ़ गई। नए साल के पहले दिन से ही ऑफिस जाने वाले लोगों को कोल्ड डे कंडीशन से जूझना पड़ रहा है। सुबह दो पहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानियां आईं। सर्दी के कारण हाथ सुन्न हो गए, वहीं ऑफिसों में दिनभर हीटर और अलाव जलाकर काम किया गया। घरों में हीटर और अंगीठी जलाकर लोगों ने सर्दी से राहत पाने की कोशिश की। 

 नगर निगम ने की अलाव की व्यवस्था
 वहीं नगर निगम ने बेसहारा एवं गरीब लोगों को गलन और कड़ाके की ठंड से बचाने के लिए अलाव की व्यवस्था की है। आगरा छावनी से विधायक डॉक्टर जीएस धर्मेश का कहना है कि नगर निगम के अधिकारियों शासन के दिशा निर्देशों का अनुपालन करना ही होगा, कोई भी बेसहारा खुले आसमान के नीचे नहीं सोएगा। शहर के सभी बस अड्डों, रेलवे स्टेशन आदि जगहों पर रैन बसेरा एवं अलाव की व्यवस्था कराई गई है।

देरी से चल रही हैं ट्रेनें  
घना कोहरा होने के चलते ट्रेनें भी अपने निर्धारित समय से 4-5 घंटे से लेकर 15-16 घंटे देरी से चल रही हैं। रेलवे स्टेशन पर यात्री कड़ाके की गलनभारी सर्दी में परेशान दिखाई दिए। रेलवे पीआरओ का कहना है कि यात्री रेलवे स्टेशन आने से पूर्व ऑनलाइन ट्रेन की लोकेशन की जानकारी के बाद आएं जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानी से जूझना नहीं पड़ेगा। पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि जो यात्री स्टेशन पहुंच जाते हैं उन्हें प्रतीक्षालय में रुकना चाहिए। रेलवे अपनी अन्य व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त करने में लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि हर प्लेटफार्म पर कंप्यूटराइज्ड  डिस्प्ले बोर्ड लगे हुए हैं जिससे यात्रियों को ट्रेनों की जानकारी सही समय पर मिलती रहती है।

Also Read