Agra Police Commissionerate : महिला अपराधों को लेकर पुलिस कमिश्नरी में बढ़ाई गई निगरानी 

UPT | आगरा पुलिस

Aug 25, 2024 17:45

देशभर के चिकित्सकों के साथ-साथ आम आदमी कोलकाता की बेटी के साथ हुए जघन्य अपराध को भूला भी नहीं था कि आगरा में भी एक किशोरी के साथ ऐसे ही...

Agra News : देशभर के चिकित्सकों के साथ-साथ आम आदमी कोलकाता की बेटी के साथ हुए जघन्य अपराध को भूला भी नहीं था कि आगरा में भी एक किशोरी के साथ ऐसे ही दरिंदगी की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया गया था। थाना सदर क्षेत्र में परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी के साथ सामूहिक बलात्कार किया गया है। इस घटना को लेकर विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने भी बड़ा प्रदर्शन किया था। यह पहला मौका नहीं है जब ताज नगरी में महिलाओं- बेटियों के साथ दुराचार की वारदातें सामने आई हों। महिला सुरक्षा को लेकर उत्तर प्रदेश टाईम्स ने पुलिस उपायुक्त नगर से बात की। 

अपराधियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
आगरा में महिलाओं पर बढ़ते अपराधों को लेकर जब उत्तर प्रदेश टाइम्स ने पुलिस उपायुक्त नगर सूरज राय से बात की तो उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार की नीतियों को बताते हुए दो टूक कहा कि अपराधी कितना भी ताकतवर क्यों ना हो उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा महिलाओं एवं छात्राओं के लिए शुरू की गई एंटी रोमियो स्क्वायड लगातार सक्रिय है और गर्ल्स कॉलेज एवं उनके आसपास के क्षेत्र में सादा वर्दी में भी निगरानी रख रही है। 

शहर में बढ़ाई गई निगरानी
डीसीपी सिटी ने अनौपचारिक बातचीत में यूपी टाइम्स को बताया कि महिलाओं के साथ होने वाली वारदातों में सबसे अधिक उनके परिचित लोगों के द्वारा ही की जाती हैं। यह जांच में कई बार सामने आया है। उन्होंने कहा कि पुलिस का प्रयास रहता है कि जल्द से जल्द अपराधी तक पहुंचा जाए और मामले का खुलासा किया जाए। इसके लिए आगरा पुलिस कमिश्नरी सदैव पीड़ित के साथ खड़ी रहती है। उन्होंने बताया कि महिला अपराध को लेकर आगरा पुलिस कमिश्नर जे रविंद्र गौड़ के नेतृत्व में आगरा पुलिस 24 घंटे सातों दिन हर समय तैयार है। उन्होंने कहा कि देश में हाल ही में कुछ बड़ी घटनाओं के बाद शहर से लेकर देहात तक निगरानी बढ़ा दी गई है। यही नहीं शहर के बड़े बाजारों में होने वाली भीड़ के बीच सादा वर्दी सहित पुलिस की वर्दी में भी पुलिसकर्मी मौजूद रहकर अराजक तत्वों पर नजर रख रहे हैं। 

Also Read