Agra News : आगरा की भीषण गर्मी पर्यटकों के लिए बन रही काल, ताज का दीदार करने पहुंची आंध्र प्रदेश की महिला पर्यटक की हुई मौत, मचा कोहराम

UPT | प्रतीकात्मक फोटो

Jun 22, 2024 21:00

ताज नगरी में भीषण गर्मी के चलते लोग बेहाल हैं, लेकिन अब यह भीषण गर्मी ताज का दीदार करने आने वाले पर्यटकों के लिए बहुत भारी पड़ती दिखाई दे रही…

Agra News : ताज नगरी में भीषण गर्मी के चलते लोग बेहाल हैं, लेकिन अब यह भीषण गर्मी ताज का दीदार करने आने वाले पर्यटकों के लिए बहुत भारी पड़ती दिखाई दे रही है। ताज महल फतेहपुर सीकरी और आगरा किला का दीदार करने के लिए पहुंच रहे देसी-विदेशी पर्यटक आगरा की गर्मी को झेल नहीं पा रहे। जिसके चलते अब यह गर्मी पर्यटकों के लिए काल बनती दिखाई दे रही है। ताजमहल का दीदार करने पहुंची आंध्र प्रदेश के कोठावारी स्ट्रीट गुड़ीवाड़ा कृष्णा की 59 वर्षीय लिंगाला पुण्यवथी पत्नी वेंकेटेश्वरा राव की हीट वेव के चलते मृत्यु हो गई। शनिवार को अचानक उनकी तबीयत खराब होने से शिल्पग्राम में वे बेहोश हो गई थीं। पर्यटन पुलिस ने एसएन मेडिकल कॉलेज में भिजवाया। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पर्यटन पुलिस द्वारा पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। घटना से पर्यटक के परिवार में कोहराम मच गया है।   महिला पर्यटक परिवार के साथ ताजमहल भ्रमण करने के लिए आई थी पूरा मामला ताजमहल से जुड़ा हुआ है, जानकारी के मुताबिक शनिवार को आंध्र प्रदेश की रहने वाली महिला पर्यटक लिंगाला पुण्यवथी अपने परिवार के साथ ताजमहल भ्रमण करने के लिए आई थी। अचानक से शिल्पग्राम में उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई। वहां मौजूद एक चिकित्सक ने उन्हें देखा और उनके हाथ की पंपिंग करने लगा लेकिन महिला पर्यटक होश में नहीं आई जिसके बाद तुरंत उन्हें एशिया हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने महिला पर्यटक को मृत घोषित कर दिया। इस घटना से महिला के परिजनों में कोहराम मच गया। इस मामले में पर्यटन पुलिस की ओर से पंचायतनाम भरने की कार्यवाही को अंजाम दिया गया। लोगों का कहना था कि भीषण गर्मी के कारण महिला पर्यटक की तबीयत बिगड़ गई थी और भीषण गर्मी के चलते ही उनकी मौत हुई है। इससे पहले भी ताजमहल देखने आए एक नेपाली पर्यटक की भी भीषण गर्मी के चलते मौत हो गई थी। पर्यटक को हार्ट अटैक आया था, लेकिन चिकित्सकों का मानना था कि भीषण गर्मी यानी हीट वेव के चलते पर्यटक को अटैक आया था जिससे उसकी मौत हुई थी।

Also Read