कासगंज में दर्दनाक हादसा : बम्बे में नहाते समय 5 लोग डूबे, नवविवाहिता सहित 3 लोगों की मौत

UPT | जानकारी करती पुलिस

May 22, 2024 01:43

कासगंज जिले में बम्बे में नहाते समय पांच लोग  डूब गए। स्थानीय लोगों ने 2 लोगों को तो सकुशल निकाल लिया। मगर, 3 लोगों की बम्बा में डूबकर मौत हो गयी...

Kasganj News (Ayush Bharadwaj) : कासगंज जिले में बम्बे में नहाते समय पांच लोग  डूब गए। स्थानीय लोगों ने 2 लोगों को तो सकुशल निकाल लिया। मगर, 3 लोगों की बम्बा में डूबकर मौत हो गयी। मृतकों में 2 बालिकाएं और 1 नव विवाहिता शामिल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी की है। वहीं घटना के बाद से मृतकों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। 

स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर दो को बचाया
जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव रेखपुर निवासी साक्षी, सिम्मी, संध्या, अंजली और सलोनी मंगलवार को गांव के समीप ही एक बम्बे में स्नान करने के लिए चली गई। बताया गया है कि बम्बे में नहाते समय अचानक पांचों लोग बम्बे के गहरे पानी में डूबने लगी। चीखपुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर आ गए। जैसे तैसे लोगों ने मशक्कत करके 16 वर्षीय अंजली और 17 वर्षीय सलोनी को तो सकुशल बाहर निकाल लिया। लेकिन 13 वर्षीय साक्षी पुत्री सुमंत कुमार, 12 वर्षीय सिम्मी पुत्री दुष्यंत कुमार और 22 वर्षीय नवविवाहिता संध्या पत्नी संदीप गहरे पानी में डूब गए। 

अधिकारियों ने ली हादसे की जानकारी
बम्बे से बाहर निकालने के बाद उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में चीखपुकार मच गई। मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर आलाधिकारी भी पहुंच गए और घटना की जानकारी की। 

खुशी का माहौल बदला मातम में
रेखपुर गांव में सोमवार को ग्रामीणों ने मिलकर अखण्ड रामायण कथा का शुभारंभ कराया था। गांव में ब्रह्मदेव मंदिर में अखण्ड रामायण पाठ का शुभारंभ हुआ। बुधवार को भंडारा भी होना था। जिसको लेकर  ग्रामीणों में खुशी का माहौल था। वहीं इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम छा गयाहै। 

तीनों शवों को एक साथ देखकर मच रही चीखपुकार
जिला अस्पताल में रखे एक साथ तीनों के शवो को देखकर परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। शव को देखकर परिजनों का बुरा हाल है।  वहीं पूरे गांव में भी मातम पसरा हुआ है। अपनी बेटियों की याद कर परिजन पछाड़ खाते नजर आ रहे थे।

Also Read