रामनगरी में शारदीय नवरात्र की धूम : अंतिम चरण में दुर्गा पूजा की तैयारियां, रामलीला का शुरू हुआ मंचन

UPT | पूजन अर्चन से नवरात्र महोत्सव शुरू

Oct 03, 2024 20:46

रामनगरी में शारदीय नवरात्र हर्षोल्लास से शुरू हो गया है। देवी मंदिरों में पहले दिन सुबह से ही माता के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतज़ाम किए थे।

Short Highlights
  • रामनगरी में शारदीय नवरात्र की धूम
  • अंतिम चरण में दुर्गा पूजा की तैयारियां
  • रामलीला का शुरू हुआ मंचन

Ayodhya News : रामनगरी में शारदीय नवरात्र हर्षोल्लास से शुरू हो गया है। देवी मंदिरों में पहले दिन सुबह से ही माता के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतज़ाम किए थे। शहर के देवकाली स्थित भगवान राम की कुलदेवी बड़ी देवकाली पर माता रानी का फूलों से भव्य दरबार सजाया गया है। रुदौली के कामाख्या मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ दिनभर पूजन-अर्चन करती रही। ग्रामीण क्षेत्र के पूजा पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं मंत्रोच्चार के बीच स्थापित की गईं। इस दौरान भक्तिपूर्ण नारों से क्षेत्र गुंजायमान रहा।

पंडालों में हुआ माता रानी का आगमन
अयोध्या धाम में नवरात्र के पहले दिन 28 प्रतिमा पंडालों में मां भगवती का आगमन हुआ है, जहां पूजा-अर्चना आरंभ हो गई है। इनमें प्रमुख रूप से गणेश नगर मकबरा, नाका हनुमानगढ़ी, जनौरा, ब्रह्मबाबा, अमानीगंज गुरुद्वारा, लक्ष्मणपुरी अमानीगंज, आईटीआई के सामने, बेनीगंज रेलवे क्रॉसिंग, भैरव मंदिर, बल्लाहाता, कालीबाड़ी मंदिर धारा रोड, बेगमगंज गढ़ैया, नियावां चौराहा, भीखापुर, कोहारन टोला लालबाग, साइ मंदिर जीजीआईसी के सामने, रामजानकी मंदिर फतेहगंज, लाल कुर्ती, अंजनीपुरम समेत जिले के लगभग 2200 स्थानों पर मां भगवती की प्रतिमा स्थापना तथा रामलीला का शुभारंभ हुआ।

रामलीला की भी हुई शुरुआत
वहीं जनपद की रामलीलाएं भी गणेश पूजन के उपरांत प्रारंभ हो गई हैं। प्रमुख रूप से टकसाल चौक, कोठा पार्चा, हैदरगंज, फतेहगंज, साहबगंज, शंकरगढ़ और वजीरगंज जप्ती में रामलीला का भी शुभारंभ हुआ है। केंद्रीय दुर्गा पूजा एवं रामलीला समन्वय समिति अध्यक्ष मनोज जायसवाल के नेतृत्व में केंद्रीय समिति के सभी पदाधिकारी जोर-शोर से तैयारी में लगे हुए हैं। महोत्सव से संबंधित प्रमुख कार्यों में नगर निगम, विद्युत विभाग, पीडब्ल्यूडी, वन विभाग, जल निगम नगर इकाई आदि विभागों के कार्य अत्यंत तीव्र गति से चल रहे हैं।

पूजा पंडाल लगभग बनकर तैयार
केंद्रीय समिति सहसंयोजक गगन जायसवाल ने बताया कि केंद्रीय समिति के विभाग प्रमुख जे एन चतुर्वेदी, सुप्रीत कपूर, राजेश गौड़, जनार्दन पांडे, अजय विश्वकर्मा, संजय श्रीवास्तव, रोहित अग्रवाल आदि लगातार भ्रमणशील रहकर तैयारियों पर पैनी नज़र बनाए हुए हैं। केंद्रीय समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने बताया कि दुर्गा पूजा की तैयारी अंतिम चरणों में है। सभी पूजा पंडाल लगभग बनकर तैयार हो गए हैं, तथा अगले चार-पांच दिनों में सभी मूर्तियां अपने-अपने पूजा पंडालों में पहुंच जाएंगी। केंद्रीय समिति के जोनल प्रमुखों ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने की अपील जिला प्रशासन से की है।

Also Read