दीपोत्सव-2024 : 28 लाख दीयों से जगमगाएंगे अयोध्या के घाट, तैयारियों को दिया जा रहा है अंतिम रूप

UPT | दीपोत्सव

Oct 24, 2024 20:16

दीपोत्सव की तैयारी के तहत डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय ने दीयों और स्वयंसेवकों की संख्या निर्धारित कर ली है, जिससे इस विशाल आयोजन को सफल बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा सकें...

Short Highlights
  • 28 लाख दीयों से जगमग होंगे अयोध्या के 55 घाट
  • 30 हजार वॉलेंटियर्स की होगी सक्रिय भागीदारी 
  • 24 अक्टूबर से पहुंचनी शुरू हो गई है दीयों की खेप  
Ayodhya News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इस साल अयोध्या में आठवें दीपोत्सव का आयोजन भव्य और दिव्य तरीके से किया जाएगा। इस अवसर पर सरयू नदी के 55 घाटों पर 28 लाख दीयों को जलाकर एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी है। दीपोत्सव की तैयारी के तहत डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय ने दीयों और स्वयंसेवकों की संख्या निर्धारित कर ली है, जिससे इस विशाल आयोजन को सफल बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा सकें।

 28 लाख दीयों की व्यवस्था
आयोजन के तहत सरयू नदी के 55 घाटों पर 28 लाख से अधिक दीए प्रज्वलित किए जाएंगे। राम की पैड़ी, चौधरी चरण सिंह घाट और भजन संध्या स्थल सहित अन्य सभी घाटों पर दीयों को घाट समन्वयकों की निगरानी में बिछाया जाएगा। इसके अलावा, 14 सम्बद्ध महाविद्यालयों, 37 इंटरमीडिएट कॉलेजों और 40 स्वयंसेवी संस्थाओं से लगभग 30,000 स्वयंसेवक इस आयोजन में सक्रिय रूप से भाग लेंगे। घाटों पर दीयों की संख्या और स्वयंसेवकों का वितरण पहले ही तय कर लिया गया है।



दीयों और स्वयंसेवकों की संख्या
अवध विश्वविद्यालय ने घाटों पर प्रज्वलित किए जाने वाले दीयों और तैनात किए जाने वाले स्वयंसेवकों की संख्या का भी विस्तृत आंकड़ा जारी किया है। उदाहरण के लिए, राम की पैड़ी के घाट एक पर 65,000 दीयों को जलाने के लिए 765 स्वयंसेवक तैनात होंगे, जबकि घाट दो पर 38,000 दीयों के लिए 447 स्वयंसेवक जिम्मेदारी संभालेंगे। इसी प्रकार, घाट तीन पर 48,000 दीयों के लिए 565 स्वयंसेवक, और घाट चार पर 61,000 दीयों के लिए 718 स्वयंसेवक तैनात होंगे। सभी 55 घाटों पर इसी प्रकार दीयों की संख्या के अनुसार स्वयंसेवकों को तैनात किया जाएगा। आयोजन में विभिन्न कॉलेजों और संस्थाओं से जुड़े स्वयंसेवक पूरे उत्साह के साथ भागीदारी करेंगे और घाटों पर दीयों की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।

आयोजन में स्वयंसेवकों की भागीदारी
दीपोत्सव के नोडल अधिकारी प्रो. संत शरण मिश्र ने बताया कि 30 अक्टूबर को आयोजित होने वाले इस दीपोत्सव की तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं। घाटों पर दीयों की खेप 24 अक्टूबर से पहुंचनी शुरू हो गई है और 25 अक्टूबर से दीयों को घाटों पर बिछाने का कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा। स्वयंसेवकों का आईकार्ड वितरण भी शुरू हो गया है, जिसमें से 15,000 से अधिक आईकार्ड संस्थानों के पदाधिकारियों को वितरित किए जा चुके हैं। शुक्रवार तक सभी संस्थानों को आईकार्ड उपलब्ध करा दिए जाएंगे।

अंतिम प्रशिक्षण बैठक का आयोजन
मीडिया प्रभारी डॉ. विजयेन्दु चतुर्वेदी ने बताया कि 25 अक्टूबर को पूर्वाह्न 11:30 बजे स्वामी विवेकानंद सभागार में अंतिम प्रशिक्षण बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में जिला प्रशासन के साथ विश्वविद्यालय के समस्त संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, समन्वयक, प्राचार्य और घाट प्रभारी उपस्थित रहेंगे। इस बैठक का उद्देश्य दीपोत्सव की अंतिम तैयारियों को सुनिश्चित करना है, ताकि 30 अक्टूबर को दीपोत्सव के दिन आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न किया जा सके।

विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी
सरयू नदी के 55 घाटों पर 28 लाख से अधिक दीयों को जलाने का लक्ष्य रखा गया है, जो अयोध्या को एक बार फिर से विश्व पटल पर स्थापित करेगा। यह दीपोत्सव न केवल धार्मिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह अयोध्या की सांस्कृतिक धरोहर को भी उजागर करता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में इस आयोजन को दिव्य और भव्य बनाने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

ये भी पढ़ें- दीपोत्सव 2024 : रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से अयोध्या की अर्थव्यवस्था मजबूत, पर्यटक बढ़ने से नए अवसर उत्पन्न 

Also Read