अयोध्या में धर्म परिवर्तन कराने वाला गिरोह गिरफ्तार : पुलिस ने मुख्य आरोपी अरुण कुमार को पकड़ा, प्रार्थना सभा में कराता था ईशा मसीह की शपथ

UPT | अयोध्या में धर्म परिवर्तन कराने वाला गिरोह गिरफ्तार

Oct 20, 2024 14:14

हिंदू देवी देवताओं के प्रति अभद्र टिप्पणी कर भड़काता फिर उन्हें ईशा मसीह की शपथ दिलाकर धर्म परिवर्तन कराता। ऐसे कार्यों का वांछित अभियुक्त कुमारगंज पुलिस के हत्थे चढ़ गया...

Ayodhya News : जिले के कुमारगंज थाना क्षेत्र में धर्म परिवर्तन कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने मुख्य आरोपी अरुण कुमार को गिरफ्तार किया है, जो ग्रामीण क्षेत्रों में प्रार्थना सभा के नाम पर झाड़-फूंक और धार्मिक पुस्तकों के माध्यम से लोगों का धर्म परिवर्तन करवा रहा था। आरोपी गरीब और असहाय लोगों को बीमारियों से ठीक करने का झांसा देकर ईसाई धर्म की ओर आकर्षित करता था। इसके साथ ही हिंदू देवी-देवताओं के प्रति अभद्र टिप्पणी कर उन्हें ईशा मसीह की शपथ दिलाई जाती थी।

पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
पुलिस कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना कुमारगंज पुलिस ने आरोपी अरुण कुमार को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया। अरुण कुमार ग्रामसभा मजनाई, थाना इनायतनगर का निवासी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए एसएसपी राजकरण नैयर के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई थी। यह टीम एसपी ग्रामीण और सीओ मिल्कीपुर के निर्देशन में काम कर रही थी। 19 अक्टूबर को पुलिस टीम ने भटपुरा गोपालपुर मोड़ से अरुण कुमार को गिरफ्तार कर लिया। 

बरामद सामग्री
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने अरुण कुमार के पास से चार बाइबल और 32 अन्य ईसाई धर्म से संबंधित पुस्तकें बरामद की। इसके अलावा, एक कार्डलेस माइक, म्यूजिक मिक्सर मशीन, और एक बाइक प्लेटिना (UP 42 BK 8006) भी जब्त की गई। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।



कैसे चला पूरा मामला?
यह मामला तब सामने आया जब शुक्रवार को गांव पासिन का पुरवा तिन्दौली में शिव मिलन नामक व्यक्ति के घर के बाहर प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी। स्थानीय लोगों ने कुमारगंज पुलिस को सूचना दी कि वहां तिरपाल बिछाकर तीन दर्जन से अधिक महिलाएं, बच्चे और पुरुष बैठे थे। लोगों ने बताया कि वहां झाड़-फूंक के जरिए बड़ी बीमारियों का इलाज करने का दावा किया जा रहा था। 

प्रार्थना सभा के दौरान हुई पुलिस की कार्रवाई
पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो वहां ईसाई धर्म से जुड़े कुछ लोग प्रभु यीशु की महिमा का गुणगान कर रहे थे। पुलिस को देखते ही सभा में मौजूद लोग भागने लगे। हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब दो दर्जन पुरुषों, महिलाओं और युवतियों को हिरासत में लिया, जबकि मुख्य आरोपी अरुण कुमार जंगल के रास्ते से फरार हो गया। बाद में पुलिस ने अरुण कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

जांच में हुआ खुलासा
पुलिस की जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी लोगों को प्रलोभन देकर उनका धर्म परिवर्तन करवा रहा था। हिरासत में लिए गए लोगों ने पुलिस को बताया कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि वहां क्या हो रहा है। उन्हें सिर्फ यह बताया गया था कि अगर वे प्रार्थना करेंगे और झाड़-फूंक के बाद एक खास पुस्तक पढ़ेंगे, तो उनकी बीमारियां ठीक हो जाएंगी। 

पुलिस की सख्त कार्रवाई का ऐलान
इस मामले में एसएसपी राजकरण नैयर ने कहा कि ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा और कोई भी दोषी बच नहीं पाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि धर्म परिवर्तन जैसी गतिविधियों को गंभीरता से लिया जाएगा और कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Also Read