सुल्तानपुर कोर्ट में संजय सिंह का सरेंडर : अदालत ने जारी किया था वारंट, जानिए क्या है पूरा मामला

UPT | सुल्तानपुर कोर्ट में संजय सिंह का सरेंडर

Jul 11, 2024 17:53

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गुरुवार को सुल्तानपुर की कोर्ट में सरेंडर कर दिया। कोर्ट ने उनके खिलाफ पिछली कई सुनवाई में पेश नहीं होने के कारण वारंट जारी किया था।

Short Highlights
  • सुल्तानपुर कोर्ट में संजय सिंह का सरेंडर
  • अदालत ने जारी किया था वारंट
  • कई सुनवाई में नहीं हुए थे पेश
Sultanpur News : आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गुरुवार को सुल्तानपुर की कोर्ट में सरेंडर कर दिया। कोर्ट ने उनके खिलाफ पिछली कई सुनवाई में पेश नहीं होने के कारण वारंट जारी किया था। यह मामला 3 साल पुराना है। हालांकि सरेंडर के तुरंत बाद ही अदालत ने संजय सिंह को 20 हजार रुपये के मुचलके पर जमानत दे दी।

क्या है 3 साल पुराना यह मामला?
आपको बता दें कि संजय सिंह के खिलाफ कोविड-19 मानदंडों के उल्लंघन का एक मामला चल रहा है। कोविड 19 के दौरान संजय सिंह ने हसनपुर गांव में प्रशासन से बिना अनुमति लिए बैठक आयोजित की थी, जिसमें करीब 0 लोग शामिल हुए थे। संजय सिंह ने ये सभा आम आदमी पार्टी की जिला पंचायत सदस्य सलमा बेगम के पक्ष में की थी। इस संबंध में बंधु कला पुलिस स्टेशन में 13 अप्रैल 2021 प्राथमिकी दर्ज की गई थी। बैठक में शामिल अन्य लोगों मकसूद अंसारी, सलीम अंसारी, जगदीश यादव, मकसूद, सुकई, धर्मराज, जीशान, शबान, सिकंदर, जलील और अजय के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किए गए थे।

संजय सिंह नहीं हो रहे थे पेश
इस मामले में अन्य सभी आरोपियों को जमानत मिल गई थी, लेकिन संजय सिंह किसी भी सुनवाई में पेश नहीं हो रहे थे। यही वजह है कि कोर्ट ने इनके खिलाफ वारंट जारी कर दिया था। हालांकि संजय सिंह के सरेंडर के बाद उन्हें एमपीएमएलए न्यायालय के मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा ने जमानत पर रिहा कर दिया।

अयोध्या में किए थे दर्शन
2 दिन पहले संजय सिंह ने अपने परिवार के साथ अयोध्या में भगवान राम के दर्शन किए। उन्होंने कहा कि भगवान राम से भारत माता और 144 करोड़ लोगों की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। भगवान श्री राम से यही कामना करता हूं कि भारत माता हमेशा खुशहाल रहे, इस देश के लोग हमेशा खुश रहे। संजय सिंह ने इसकी जानकारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी साझा की। इसके पहले संजय सिंह ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा था कि बीजेपी और पीएम मोदी हिंदू धर्म और हिंदू समाज को बदनाम करने का काम कर रहे हैं।

Also Read