अवधपुरी मम पुरी सुहावनि : अयोध्या में भित्ति चित्रों से त्रेतायुगीन वैभव का दिखने लगा अक्स

UP Times | The image of Treta Yuga glory

Dec 27, 2023 19:08

अयोध्या में श्री राम मंदिर के उद्घाटन समारोह को पीढ़ियों तक याद रखा जाने वाला कार्यक्रम बनाने की तैयारी जोरों पर है। विकास परियोजनाओं की श्रृंखला में अयोध्या में पहले अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन शामिल है। जनवरी 2024 में यहां से उड़ानें शुरू होने की तैयारी है।

Ayodhya (Arun Pathak) : अवधपुरी पुरुषोत्तम श्रीराम को प्राणों से भी प्रिय थी। बाबा तुलसीदास ने श्री राम चरित मानस में उनके मन के इस भाव को दिखाया भी है, जहां वनवास काल में सुधि आने पर कहते हैं कि "अवधपुरी ममपुरी सुहावनि, उत्तर दिशा बहि सरयू पावनि"। जिसे कलयुग में श्रीराम मंदिर के बहाने केंद्र, राज्य व श्रीराम जन्मभूमि क्षेत्र न्यास साकार कर रहा है।

भित्ती चित्रों से त्रेतायुग की दिखती है झलक
भित्ती चित्र, स्तम्भ, वाल पेंटिंग आदि के माध्यमों से सम्पूर्ण अयोध्या में रामकालीन धाम दिखाने का प्रयास है। यहां के भवनों पर जहां रामयुध अंकित हैं वहीं फ्लाईओवर पर यज्ञ, सरोवर, गुरुकुल के चित्र उभारे गए हैं। कहीं कहीं भगवान के बाल स्वरुप व उनकी लीलाओं का सम्यक प्रकार से चित्रण किया गया है।

रेलवे स्टेशन की अलग है झलक
रामनगरी का मुख्य रेलवे स्टेशन करीब 50,000 वर्ग फीट में फैला है। धाम के रेलवे स्टेशन की नई भव्य इमारत भी तैयार है जिसका 30 दिसम्बर 23 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकार्पण करेंगे। इस भवन का ऊपरी आकर मंदिर को प्रतिध्वनित करता है।

मार्च 24 तक आकार लेने लगेगी सोलर सिटी
रेलवे, एयरपोर्ट के अलावा, सोलर सिटी के रूप में अयोध्या के मार्च तक पूर्ण आकार लेने की उम्मीद है। हेरीटेज लाइटों के माध्यम से अयोध्या धाम को जगमगाने के लिए तारों के जंजाल से मुक्ति दिलाकर सुंदर स्वरूप प्रदान किया जा रहा है।

24 घण्टे होगी जलापूर्ति
फरवरी 2024 में अयोध्या के सात वार्डों में 24 घंटे जलापूर्ति नेटवर्क और सूर्यकुंड के पास 4-लेन धर्म पथ का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। मार्च में अयोध्या-अकबरपुर मार्ग पर फतेहगंज रेल ओवर ब्रिज, अयोध्या-बिलहर घाट 4-लेन मार्ग, गुप्तार घाट का सौंदर्यीकरण, नया घाट से लक्ष्मण घाट तक पर्यटन सुविधाओं का विकास कार्य भी पूरा हो जाएगा।

अप्रैल 24 तक पूरा होगा 4 ऐतिहासिक द्वार
अयोध्या धाम में प्रवेश के लिए चार मुख्य द्वार बनाए जा रहे हैं। जो अप्रैल 24 तक आकार ले लेंगे। इसके अलावा अवध बस स्टेशन के पास आश्रय स्थल का निर्माण, नाका बाईपास के पास कल्याण भवन का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। जून में अयोध्या सीवरेज योजना के पहले चरण को पूरा करने की योजना है। मई में 473 करोड़ रुपये की लागत से पंचकोशी परिक्रमा मार्ग का विस्तार पूरा हो जाएगा।

स्टेडियम और परिक्रमा मार्ग पर भी कार्य शुरू
सितंबर में डॉ. भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर का निर्माण कार्य पूरा होने का कार्यक्रम है। अक्टूबर में 1,140 करोड़ रुपये की लागत से 14 कोसी परिक्रमा मार्ग का विस्तार पूरा हो जाएगा। नवंबर से दिसंबर तक अयोध्या में जोनल अर्बन फैसिलिटेशन सेंटर के निर्माण के साथ-साथ अयोध्या नगर निगम और अयोध्या विकास प्राधिकरण के विशाल भवनों का निर्माण पूरा हो जाएगा।

8 परिकल्पनाओं पर है नव्य व भव्य अयोध्या
178 परियोजनाओं के तहत करवाए जा रहे विकास कार्यों के अलावा बेहतर कनेक्टिविटी और सोलर सिटी के रूप में भी अयोध्या को विकसित करने की कवायद और तेज कर दी गई है। योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अवधपुरी के चतुर्दिक विकास के लिए आठ परिकल्पनाओं के आधार पर कार्य हो रहे हैं। इन परिकल्पनाओं में सांस्कृतिक, सक्षम, आधुनिक, सुगम्य, सुरम्य, भावात्मक, स्वच्छ और आयुष्मान अयोध्या शामिल हैं।

सांस्कृतिक राजधानी बनाने की कवायद
सरकार अवधपुरी का विकास भारत की सांस्कृतिक राजधानी के रूप में करा रही है। इसीलिए अयोध्या के मठ, मंदिरों और आश्रमों को भव्य रूप प्रदान किया जा रहा है। वैभवशाली नगर द्वारों के निर्माण के अलावा मंदिर संग्रहालय जैसे तमाम कार्य इसी परिकल्पना के आधार पर किए जा रहे हैं।

आधुनिक सुविधाओं वाला शहर होगा अयोध्या
वहीं सक्षम अयोध्या के रूप में इसे हर प्रकार की आधुनिक सुविधाओं वाला नगर बनाया जा रहा है। स्मार्ट सिटी, सेफ सिटी, सोलर सिटी, ग्रीन फील्ड टाउनशिप जैसी तमाम योजनाएं इस परिकल्पना को हकीकत में बदल रहीं हैं।

प्राचीन कुंडों का कायाकल्प
सुरम्य अयोध्या के रूप में यहां के विभिन्न कुंडों, तालाबों और प्राचीन सरोवरों के सौंदर्यीकरण करवाने के साथ-साथ यातायात प्रबंधन पर भी काम चल रहा है। भावात्मक अयोध्या के रूप में इसे विकसित करने के लिए हर दीवार, सड़क के किनारे, चौराहों को सांस्कृतिक रूप से सुसज्जित किया जा रहा है। वहीं स्वच्छ अयोध्या बनाने के लिए स्मार्ट सिटी के तहत तमाम काम करवाए जा रहे हैं। इसके पूरा होने के बाद अयोध्या में साफ-सफाई से लेकर ड्रेनेज और सीवर सिस्टम अंडर ग्राउंड हो जाएंगे।

उड़ान को तैयार एयरपोर्ट
मण्डलायुक्त गौरव दयाल ने बताया कि अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम अन्तर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के निर्माण पूर्ण के होने साथ ही अयोध्या से दिल्ली व अहमदाबाद की फ़्लाइट कनेक्टिविटी की घोषणा के पश्चात अब इंडिगो ने मुंबई और अयोध्या के बीच सीधी कनेक्टिविटी की घोषणा की है ।जो 15 जनवरी, 2024 से प्रभावी होगी।
 

Also Read