Azamgarh News : उत्तर प्रदेश में फर्जी जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने वाले सिंडिकेट का भंडाफोड़, एक महिला समेत 3 लोग गिरफ्तार

UPT | फर्जी जन्म-मृत्यु प्रमाण

Sep 01, 2024 02:37

उत्तर प्रदेश में जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्रों के फर्जीवाड़े का एक नया मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) ने आजमगढ़ में एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है

Azamgarh News : उत्तर प्रदेश में जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्रों के फर्जीवाड़े का एक नया मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) ने आजमगढ़ में एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जो फर्जी प्रमाण पत्र जारी करने के एक बड़े सिंडिकेट से जुड़े थे। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में अनीता यादव, जो आजमगढ़ के CMO कार्यालय में संविदा कर्मी के रूप में तैनात थी, सिंडिकेट की मास्टरमाइंड बताई जा रही है। अनीता के साथ शिवानंद और आनंद यादव नामक दो अन्य आरोपी भी गिरफ्तार किए गए हैं, जो उसके सहयोगी के रूप में कार्यरत थे।

लॉगिन आईडी का दुरुपयोग
अनीता यादव ने सीआरएस पोर्टल की अधिकृत लॉगिन आईडी का दुरुपयोग करते हुए फर्जी जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने का काम किया। इसके अलावा, अनीता ने ग्राम सचिव की आईडी में भी अवैध बदलाव करके प्रमाण पत्र तैयार किए। इस मामले में पहले ही रायबरेली से गिरफ्तार रविकेश ने इन आरोपियों के संपर्क में होने की पुष्टि की है। रविकेश पर आरोप है कि उसने रायबरेली के सलोन क्षेत्र में पिछले चार वर्षों में चार लाख से अधिक फर्जी प्रमाण पत्र जारी किए थे। रविकेश को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

असली पोर्टल्स से मेल खाते दो फर्जी पोर्टल 
रविकेश ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने उत्तर प्रदेश, बिहार और अन्य राज्यों में भी फर्जी प्रमाण पत्र जारी किए थे। उसने असली पोर्टल्स से मेल खाते दो फर्जी पोर्टल crsogovr.in और thedashboard.in का निर्माण किया था, जिनके माध्यम से उसने यह अपराध किया। यह कार्य वह 2022 से कर रहा था। रविकेश के खुलासे के बाद यूपी एटीएस ने आजमगढ़ में एक और सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया, जो फर्जी प्रमाण पत्रों का कारोबार करता था।

Also Read