Bareilly News : सड़क हादसे में टायर फैक्ट्री के मैनेजर और स्टूडेंट की मौत, एक की हालत गंभीर

फ़ाइल फोटो | सक्षम

Sep 12, 2024 01:20

बरेली में बुधवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही एक स्टूडेंट घायल है। मृतकों में एक टायर फैक्ट्री का मैनेजर...

Bareilly News : उत्तर प्रदेश के बरेली में बुधवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही एक स्टूडेंट घायल है। मृतकों में एक टायर फैक्ट्री का मैनेजर था, तो वहीं एक बीएससी का स्टूडेंट। दोनों की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। इसके साथ ही वाहनों की तलाश शुरू कर दी गई है। वाहनों की तलाश को सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी तलाशी जा रही है। पुलिस ने दोनों हादसों के बाद एफआईआर दर्ज कर ली है। 



क्या है पूरा मामला
बरेली देहात के भुता थाना क्षेत्र के डोहरा गंगापुर गांव निवासी वेद प्रकाश (40 वर्ष) अपने घर से ड्यूटी जाने को निकले थे। मगर, पंडोली गांव के पास सड़क दुर्घटना में उनकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने बताया कि वेद प्रकाश पडोली गांव में स्थित एक टायर फैक्ट्री में मैनेजर के पद पर काम करते थे। घर से स्कूटी पर सवार होकर फैक्ट्री में ड्यूटी करने जा रहे थे। मगर, फैक्ट्री से कुछ पहले ही पीछे से आए किसी अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भेजा। यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी उषा देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। 

बीएससी का स्टूडेंट था सक्षम
बरेली देहात के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के बरेली-दिल्ली नेशनल हाइवे पर पट्टी गांव के पास टुकटुक और बाइक में आमने सामने से टक्कर हो गई। इसमें नगर पंचायत फतेहगंज पश्चिमी के मोहल्ला माली निवासी बाइक सवार सक्षम (24 वर्ष) की मीरगंज से लौटने के दौरान मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने एम्बुलेंस से इलाज को अस्पताल भेजा। मगर, डॉक्टर ने सक्षम को मृत घोषित कर दिया। मनोज की हालत गंभीर बनी हुई है।पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।सक्षम की मौत की खबर जब परिजनों को हुई, तो घर में कोहराम मच गया। मां गीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक दो भाई और दो बहनों में सबसे छोटा था। पिता भूपराम ने बताया कि हम पत्नी के साथ बरेली दवा लेने गए थे। इसी दौरान फोन पर एक्सीडेंट की सूचना मिली। सक्षम बरेली कॉलेज में बीएससी की पढ़ाई कर रहा था। इसके साथ ही मंडी गेट पर समोसा चाय की दुकान पर काम में हाथ भी बटाता था।

Also Read