बरेली में तेज हवा के साथ बारिश : प्री मानसून की दस्तक, बिजली का तार टूटने पर शहर से लेकर देहात तक आपूर्ति ठप

UPT | बारिश का फोटो

Jun 20, 2024 14:18

अचानक तेज हवा के साथ बारिश होने लगी। मगर, इस बारिश से तापमान में कुछ कमी जरूर आई, लेकिन शहर से लेकर देहात तक की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। भीषण गर्मी से परेशान लोगों ने स्थानीय विद्युत उपकेंद्र से लेकर बिजली अफसरों तक से शिकायत की।

Bareilly News : यूपी के बरेली में बुधवार देर रात अचानक तेज हवा के साथ बारिश होने लगी। मगर, इस बारिश से तापमान में कुछ कमी जरूर आई, लेकिन शहर से लेकर देहात तक की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। भीषण गर्मी से परेशान लोगों ने स्थानीय विद्युत उपकेंद्र से लेकर बिजली अफसरों तक से शिकायत की। मगर, कहीं कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद बिजली विभाग की हेल्पलाइन से लेकर विभागीय मंत्री के एक्स (ट्विटर) पर ट्वीट कर दर्द बताया। बरेली देहात के करीब 480 गांवों में 12 घंटे से अधिक बिजली आपूर्ति ठप है। इसके साथ ही शहर के रामपुर रोड के सीबीगंज, किला, परसाखेड़ा, हरुनगला, शाहदाना और सुभाषनगर समेत कई बिजली घर से जुड़े इलाकों की बिजली आपूर्ति ठप थी। मौसम विभाग के मुताबिक यह प्री मानसून की बारिश है। मगर, जल्द ही मानसून आने की उम्मीद जताई है। इसके बाद ही गर्मी से राहत मिल सकती है।

हाइवे पर पेड़ गिरने से रास्ता बंद
तेज हवा और बारिश के चलते बरेली-शाहजहांपुर रोड पर जगह- जगह पेड़ और उनकी टहनियां गिर गई। इससे काफी देर तक हाइवे पर वाहनों का जाम लग गया। राहगीरों ने काफी मुश्किल से पेड़ और टहनियों को हटाया। इसके बाद वाहनों का संचालन शुरू होगा। मगर, कुछ जगह पेड़ रोड पर पड़े थे। इसलिए वाहन पेड़ों को हटा हटाकर गुजारा गया।
 
शहर के नौ वार्ड में रात भर नहीं आई बिजली
तेज हवा और बारिश के बाद शहर से लेकर देहात तक बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। मगर, कुछ मोहल्लों में बिजली आपूर्ति सुबह पांच बजे आ गई। मगर,शहर के 9 वार्ड में रात से अभी तक बिजली नहीं आई है। यहां के उपभोक्ता काफी परेशान हैं। उन्होंने काफी शिकायत की। मगर, कोई सुनने को तैयार नहीं। 

तापमान में गिरावट लेकिन गर्मी कायम
बारिश के बाद अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया है। मगर, गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिली है। बरेली में भीषण गर्मी बरकरार है। यहां के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। 25 जून के बाद मानसून की आने की उम्मीद है।

Also Read