Bareilly News : सपाइयों ने किया पौधरोपण, पर्यावरण बचाने के लिए पौधे लगाने की दी सलाह, जानें और क्या बोले...

UPT | पौधरोपण करते सपा कार्यकर्ता।

Jul 04, 2024 20:49

समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष इंजीनियर अनीस अहमद खां ने कहा कि पेड़ों की कमी से पर्यावरण में ऑक्सीजन की कमी होने लगी है। इस कारण लोगों को बीमारियां होने लगी हैं।

Bareilly News : सपा प्रमुख एवं यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन पखवाड़े पर गुरुवार को भी सपाइयों ने पौधरोपण किया। शहर के पुराना शहर में एजाज नगर गौटिया और कटरा चांद खां में स्थित अंबेडकर भवन में नीम, बरगद और पीपल के पौधे लगाए। महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने कहा कि पर्यावरण बचाने के लिए हर किसी को पौधे लगाने चाहिए। इसके साथ ही पौधों की देखभाल की भी सलाह दी।

समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष इंजीनियर अनीस अहमद खां ने कहा कि पेड़ों की कमी से पर्यावरण में ऑक्सीजन की कमी होने लगी है। इस कारण लोगों को बीमारियां होने लगी हैं। पर्यावरण बचाने के लिए पौधारोपण जरूरी है। पौधे लगाने की जिम्मेदारी हर व्यक्ति की है। सपा के प्रदेश प्रवक्ता मुहम्मद साजिद ने पौधों से ही जीवन की बात कही। कहा कि पेड़ों की कमी के कारण एयर क्वालिटी इंडेक्स (वायु गुणवत्ता सूचकांक) बढ़ने लगा है। यहां की हवा से ऑक्सीजन खत्म हो चुकी है। तापमान 45 से 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। यह काफी चिंतनीय है। इसी का ख्याल रखकर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जन्मदिन पर पौधरोपण पखवाड़ा मनाने का फैसला  लिया है। जिसके चलते यूपी में शहर से लेकर देहात तक में पौधरोपण किया जा रहा है। इस दौरान महानगर महासचिव दीपक शर्मा, पूर्व पार्षद मेराज अंसारी, सुनील सागर, राजेश कुमार मौर्य, सुरेंद्र सोनकर, डॉक्टर चांद, रेहान अंसारी, बीना गौतम आदि मौजूद थे।

फरीदपुर में भी हुआ पौधरोपण
बरेली देहात के फरीदपुर में भी पौधरोपण किया गया। सपाइयों ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की लंबी उम्र की दुआ की। यह विशेष पौधरोपण अभियान 7 जुलाई तक चलाया जाएगा। फरीदपुर में पौधरोपण के दौरान जिलाध्यक्ष शिवचरण कश्यप, पूर्व विधायक विजय पाल सिंह, अमित राज सिंह यादव, सूरज यादव, सय्यद नदीम अली, अशोक यादव आदि मौजूद थे।

हर गांव में पीडीए पेड़
जिले भर के हर गांव और मोहल्ले में 'PDA पेड़' लगाए जा रहे हैं। 'PDA पेड़' के रूप में 'बरगद, पीपल और नीम का पौधारोपण किया जा रहा है, जो पर्यावरण के संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक न्याय के प्रतीक के रूप में सामाजिक समानता-समता की प्राणवायु हर दिन हमको देंगे।  5 जुलाई को 11 बजे मीरगंज विधानसभा क्षेत्र, 6 जुलाई को दोपहर बाद 3 बजे नवाबगंज विधानसभा क्षेत्र और 7 जुलाई को 11 बजे विधानसभा क्षेत्र बहेड़ी में पौधरोपण होगा। 

Also Read