बरेली में दर्दनाक हादसा : बहन की डोली उठने से पहले हुई भाई की मौत, जानिए कैसे हुई घटना....

UPT | प्रतीकात्मक फोटो

Jul 05, 2024 20:38

उत्तर प्रदेश के बरेली देहात के भमौरा एक गांव से दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां बहन की डोली उठने से पहले उसके भाई की मौत हो गई। बताया गया है कि...

Bareilly News : उत्तर प्रदेश के बरेली देहात के भमौरा एक गांव से दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां बहन की डोली उठने से पहले उसके भाई की मौत हो गई। बताया गया है कि गुरूवार रात बहन की शादी में काम कर रहा दुल्हन का भाई बिजली के करंट की चपेट में आ गया। जिसके कारण उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद शादी के घर में कोहराम मच गया। जिसके बाद शुक्रवार सुबह बहन की विदाई के बाद घर से भाई की उथी उठाई गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम छाया हुआ है।

गुरूवार रात आई थी बहन की बारात
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के हररामपुर गांव निवासी कुंवरपाल की बेटी मीरा की गुरुवार रात बरात आई हुई थी। बरात आने के बाद दुल्हन के परिजनों याद आया कि दहेज में टेबल फैन देना है। जिसके चलते दुल्हन के भाई जसवीर को रात में ही पड़ोस के गांव में पंखा लेने के लिए भेजा। वह पंखा लेकर घर आ गया। शुक्रवार सुबह काफी गर्मी होने के कारण अपनी बहन की विदाई से पहले जसवीर पंखा चलाने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान बिजली के बोर्ड में तार लगाते समय वह बिजली की चपेट में आ गया। जिसके बाद घर में चीख पुकार मच गई। उसको गंभीर हालत में इलाज को लेकर डॉक्टर के पास ले गए। मगर, डॉक्टर ने जसवीर को मृत घोषित कर दिया। 

शव को देख दुल्हन हुई बेहोश
इसके बाद परिजन युवक के शव को घर ले आए। शादी की रस्में हो चुकीं थीं। जिसके चलते गांव के लोगों ने राय दी कि दुल्हन को विदा कर दीजिए। हादसे की खबर पर मृतक की बहन और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। विदाई के लिए तैयार दुल्हन भाई की शव के पास पहुंच गई। वह चीख चीख कर रोने लगीं वह रोते-रोते बेहोश हो गई। घर में भाई का शव रखा था, उधर बहन की गम के माहौल में विदाई से हर कोई गमजदा था। हर आंख नम थी। दुल्हा से लेकर बराती सभी बहुत दुखी थे। 

पुलिस ने शव लिया कब्जे में
बिजली का करंट लगने से जसवीर की मौत की खबर भमौरा पुलिस को लगी। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। शव का पंचनामा होने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। वहीं, इस हादसे के बाद पीड़ित परिवार सहित पूरे गांव में गम का माहौल है।

Also Read