उत्तर प्रदेश सरकार : संत कबीरनगर में पर्यटन विकास के लिए 09.93 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत

Uttar Pradesh Times | प्रतीकात्मक फोटो

Jan 14, 2024 00:49

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने बताया कि यह पावन स्थल जनपद संतकबीरनगर में नगर पंचायत हरिहरपुर के निकट कठिनइयां नदी के तट पर स्थित है। यहां रामनवमी, छठ, कार्तिक पूर्णिमा, शिवरात्रि, श्रावणमास आदि पर्व-त्योहारों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ होती है।

Sant Kabir Nagar News : प्रदेश में पर्यटन स्थलों के विकास के क्रम में संतकबीरनगर जिले में लगभग 9.93 करोड़ रूपये की योजना स्वीकृत हुई है। कठिनइयां नदी के तट पर स्थित बाबा लक्ष्मीदास कुटी के पर्यटन विकास समेत कई और निर्माण कराए जाएंगे। इसके लिए प्रथम किश्त के रूप में दो करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। यह जानकारी पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शुक्रवार को दी।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने बताया कि यह पावन स्थल जनपद संतकबीरनगर में नगर पंचायत हरिहरपुर के निकट कठिनइयां नदी के तट पर स्थित है। यहां रामनवमी, छठ, कार्तिक पूर्णिमा, शिवरात्रि, श्रावणमास आदि पर्व-त्योहारों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ होती है। यहां कनेक्टिविटी भी ठीक है। यह स्थल संतकबीर नगर मुख्यालय से 17 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है और निकटतम रेलवे स्टेशन खलीलाबाद है। यहां पर्यटक सुविधाओं को विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही जेटी डेक भी बनेगा, मल्टीपर्पज हाल और कैफेटेरिया विकसित किया जाएगा। फव्वारा, पाथवे और ओपेन एयर थिएटर का भी निर्माण होगा। लैंडस्केप और बागवानी का कार्य कराया जाएगा।

उत्तर प्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से बढ़ रहा है : पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से बढ़ रहा है। यहां पर्यटन स्थलों के साथ-साथ पर्यटक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि पर्यटकों को न केवल आवश्यक सभी सुविधाएं मिलें बल्कि एक विशिष्ट अनुभव लेकर लौटें। इससे वे दूसरे लोगों को यहां के स्थलों और सुविधाओं से अवगत कराएंगे तो पर्यटन का विकास होगा। अभी यूपी घरेलू पर्यटन के मामले में पहले स्थान पर है। संभावना है कि हम जल्द ही विदेश से पर्यटन के लिए आने वाले पर्यटकों के मामले में भी यह उपलब्धि हासिल करेंगे।

Also Read