गर्मी का कहर : महोबा में हीट स्ट्रोक का शिकार हुआ लोको पायलट, चलती ट्रेन में बिगड़ी तबीयत  

UPT | महोबा में हीट स्ट्रोक का शिकार हुआ लोको पायलट

May 30, 2024 12:49

मालगाड़ी के अंदर तापमान 55 डिग्री पहुंचने से एक लोको पायलट की तबियत खराब हो गई। हीट स्ट्रोक के कारण उसे उल्टी और चक्कर आने लगे। वह अचेत होकर गिर गया।  

Mahoba  News : महोबा में गर्मी के कारण ट्रेन के लोको पायलट की तबीयत खराब हो गई। इंजन के अंदर तापमान 55 डिग्री पहुंच गया था। गर्मी में लगातार 9 घंटे की ड्यूटी करने के कारण उसे उल्टी और चक्कर आने लगे। वह अचेत होकर गिर गया। एंबुलेंस से साथी कर्मी उसे अस्पताल ले गए। दूसरे लोको पायलट के आने तक महोबा स्टेशन पर मालगाड़ी 2.30 घंटे तक खड़ी रही। इसके बाद मालगाड़ी को बांदा के लिए रवाना किया गया।

भरपूर पानी पीने के बाद भी हालत बिगड़ी
गौरतलब है कि मौसम विभाग ने बुंदेलखंड के महोबा जिले में लू को लेकर पहले ही अलर्ट जारी कर दिया है। महोबा जिले में तापमान करीब 48 डिग्री पहुंचने से झुलसा देने वाली गर्मी से लोग परेशान हैं। मंगलवार को झांसी से बांदा के लिए मालगाड़ी रवाना हुई। महोबा पहुंचते ही भीषण गर्मी के कारण मालगाड़ी के चालक विनोद कुमार को उल्टी और चक्कर आने लगे। सह चालक गगन सैनी ने बताया कि गर्मी से बचने के लिए उसने करीब 10 लीटर पानी पीया था लेकिन गर्मी कम नहीं हो रही थी।

चक्कर आने के बावजूद गाड़ी लेकर महोबा पहुंचा
महोबा पहुंचने से पहले ही लोको पायलट विनोद कुमार की तबियत खराब हो गई। इसके बाद मालगाड़ी को कुलपहाड़ स्टेशन में रोकना पड़ा। जब अफसरों को इसकी सूचना दी गई तो उन्होंने किसी तरह महोबा स्टेशन पहुंचने के लिए कहा। चक्कर आने के बावजूद लोको पायलट किसी तरह मालगाड़ी लेकर महोबा पहुंचा। 

11 घंटे काम करने के लिए मजबूर किया
आरोप है कि वरिष्ठ अधिकारियों ने उसे 11 घंटे के मेमो के तहत काम करने के लिए मजबूर किया और ट्रेन को आगे ले जाने को कहा लेकिन लोको पायलट की हालत और बिगड़ गई। महोबा पहुंचने के बाद जैसे ही लोको पायलट ट्रेन से उतरा तो वह बेहोश हो गया। उसके साथी उसे तुरंत अस्पताल ले गए। वहां उसे भर्ती कर लिया गया है और उसका इलाज किया जा रहा है।

Also Read