छात्रा ने विश्वविद्यालय पर लगाया अनदेखी का आरोप : न्याय के लिए राज्यपाल से मांगा समय, उपराष्ट्रपति तक भी पहुंचा मामला

UPT | चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय

Oct 16, 2024 00:10

चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय की छात्रा ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि वह गोल्ड मेडल पाने की पात्र थीं, लेकिन विश्वविद्यालय ने उनका नाम नजरअंदाज कर दिया और अपनी पसंद के छात्रों को पुरस्कार दिया।

Chitrakoot News: चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय की छात्रा अंजली सोनी ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अंजली का कहना है कि वह गोल्ड मेडल पाने की पात्र थीं, लेकिन विश्वविद्यालय ने उनका नाम नजरअंदाज कर दिया और अपनी पसंद के छात्रों को पुरस्कार दिया। यह मामला अब उपराष्ट्रपति तक पहुंच गया है, जिससे विश्वविद्यालय में हलचल मची हुई है। अंजली ने सोशल मीडिया के माध्यम से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने एक मार्मिक अपील कर राज्यपाल और विश्वविद्यालय के कुलपति से न्याय की अपील की है। उनका कहना है कि वह  10 महीनों से न्याय के लिए संघर्ष कर रही हैं लेकिन उन्हें अब तक न्याय नहीं मिला है। अंजली ने 16 अक्टूबर को विश्वविद्यालय में होने वाले राज्यपाल के दौरे के दौरान उनसे 10 मिनट का समय मांगा है ताकि वह अपनी पीड़ा सीधे उनके सामने रख सकें। उनकी इस अपील का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और कई लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है।

कहा- मानसिक प्रताड़ना से तंग होकर एक छात्रा कर चुकी आत्महत्या
छात्रा का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा लगातार छात्राओं को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। अंजली ने एक अन्य दुखद घटना का भी जिक्र किया, जिसमें हाल ही में एक छात्रा ने मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने विश्वविद्यालय के कुल सचिव और कुलपति पर भी प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। अंजली का कहना है कि यह केवल उनकी नहीं, बल्कि अन्य छात्राओं की भी समस्या है, जो विश्वविद्यालय के माहौल में प्रताड़ना का सामना कर रही हैं। वहीं, इस गंभीर आरोपों के बावजूद, विश्वविद्यालय प्रशासन ने अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। कुलपति और कुल सचिव ने इस मामले में अपनी चुप्पी बनाए रखी है। उनकी इस चुप्पी से छात्रों और अभिभावकों में निराशा और आक्रोश देखा जा रहा है।

गौरतलब है कि यह कोई पहली घटना नहीं है जब चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय विवादों में घिरा हो। इससे पहले भी विश्वविद्यालय में छात्रों और प्रशासन के बीच मतभेद के कारण कई बार धरना-प्रदर्शन और विश्वविद्यालय गेट पर ताला लगाने जैसी घटनाएं हो चुकी हैं। लेकिन इन घटनाओं के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इस बार अंजली सोनी ने सीधे राज्यपाल से मुलाकात की अपील की है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। इस घटना ने विश्वविद्यालय के वातावरण और वहां के प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्रों का कहना है कि यदि विश्वविद्यालय में पारदर्शिता होती तो ऐसे विवाद सामने नहीं आते। अंजली की अपील के बाद छात्रों में आक्रोश बढ़ रहा है और वे न्याय की मांग कर रहे हैं। अब सबकी नजरें 16 अक्टूबर को राज्यपाल के दौरे पर टिकी हैं। देखना होगा कि राज्यपाल के सामने अंजली का यह मुद्दा किस हद तक उठाया जाता है और क्या उन्हें न्याय मिल पाता है। यह मामला छात्रों के हित और विश्वविद्यालय के प्रशासन की कार्यप्रणाली के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हो सकता है। 

ये भी पढ़े : एयर इंडिया के विमान में बम की सूचना : अयोध्या में कराई गई इमरजेंसी लैंडिग, CISF टीम मौके पर पहुंची

ये भी पढ़े : मिल्कीपुर में उपचुनाव पर असमंजस : इलेक्शन कमीशन ने केवल 9 सीटों के लिए घोषित की तारीख, जानिए क्या है वजह 

 

Also Read