उपराष्ट्रपति आएंगे चित्रकूट : तीन दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी में करेंगे शिरकत, 7 से 9 सितंबर तक होगा आयोजन

फ़ाइल फोटो | उपराष्ट्रपति आएंगे चित्रकूट

Sep 05, 2024 10:02

ऋषि पंचमी के पर जगदगु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय चित्रकूट और केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में तीन दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन होने जा रहा है।

Chitrakoot News: ऋषि पंचमी के पावन पर्व पर जगदगुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय चित्रकूट और केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में 'आधुनिक जीवन एवं ऋषि परंपरा' विषय पर तीन दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन होने जा रहा है। यह संगोष्ठी 7, 8 और 9 सितंबर को चित्रकूट में आयोजित होगी।

जगदगुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. शिशिर कुमार पांडेय ने बताया कि इस महत्वपूर्ण संगोष्ठी की अध्यक्षता दिव्यांग विश्वविद्यालय के आजीवन कुलाधिपति जगदगुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।

डीएम और एसपी ने किया निरीक्षण 
उपराष्ट्रपति के आगमन को लेकर चित्रकूट में तैयारियां जोरों पर हैं। विश्वविद्यालय और जिला प्रशासन ने मिलकर समुचित व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। इस सिलसिले में डीएम शिवशरण अप्पा और पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने विभिन्न अधिकारियों के साथ दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय का दौरा किया। उन्होंने उपराष्ट्रपति के कार्यक्रम की तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। 

संगोष्ठी में जुटेंगे देश भर से विद्वान  
संगोष्ठी के सफल आयोजन के लिए बिजली विभाग, नगर पालिका और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। संगोष्ठी में देशभर के विद्वानों का जमावड़ा होगा, जो 'आधुनिक जीवन एवं ऋषि परंपरा' पर अपने विचार साझा करेंगे।

Also Read