तेंदुए के हमले से किसान की हुई थी मौत : वन विभाग के पिंजरे में कैद हुआ हमलावर तेंदुआ, वीडियों आया सामने

UPT | वन विभाग के पिंजरे में कैद हुआ हमलावर तेंदुए

Sep 30, 2024 11:07

बहराइच जिले के कतर्नियाघाट वन्यजीव अभ्यारण्य से सटे धरमपुर बेझा गांव में बुधवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जब एक तेंदुए के हमले में 40 वर्षीय किसान कंधई लाल की जान चली गई...

Bahraich News : बहराइच जिले के कतर्नियाघाट वन्यजीव अभ्यारण्य से सटे धरमपुर बेझा गांव में बुधवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जब एक तेंदुए के हमले में 40 वर्षीय किसान कंधई लाल की जान चली गई। यह घटना उस समय हुई जब कंधई लाल अपने खेतों में काम कर रहे थे। अचानक पास के जंगल से निकला एक तेंदुआ उन पर हमला कर दिया।
 
कंधई लाल पर तेंदुए का घातक हमला
गांव के लोग बताते हैं कि कंधई लाल के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के किसान दौड़े। लेकिन तब तक तेंदुए ने उन पर घातक हमला कर दिया था। ग्रामीणों ने किसी तरह से तेंदुए को भगाया और कंधई लाल को बचाने की कोशिश की लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। कतर्नियाघाट के जंगलों से सटे गांवों में तेंदुए की बढ़ती गतिविधियां लोगों के लिए चिंता का विषय बन चुकी हैं। वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि जंगल में शिकार की कमी और इंसानों की बस्ती के विस्तार के कारण तेंदुए अब मानव बस्तियों की ओर आकर्षित हो रहे हैं। कतर्नियाघाट क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों में तेंदुए के हमलों की कई घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें कुछ लोग घायल भी हुए हैं।


वन विभाग की कार्रवाई
कंधई लाल की मौत की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों की सुरक्षा के मद्देनजर वन विभाग ने गांव के पास पिंजरे लगाकर तेंदुए को पकड़ने का अभियान शुरू किया। कई घंटे की मशक्कत और सतर्क निगरानी के बाद, वन विभाग की टीम आखिरकार तेंदुए को पिंजरे में कैद करने में सफल रही। अधिकारियों ने बताया कि यह वही तेंदुआ था जिसने किसान पर हमला किया था।

ग्रामीणों में भय और आक्रोश
धरमपुर बेझा गांव के लोग इस घटना के बाद दहशत में हैं। गांव के मुखिया ने बताया कि तेंदुए के डर से लोग रात के समय अपने घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से बाहर जाने से मना किया जा रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि तेंदुए के अन्य साथियों पर भी नजर रखी जा रही है और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए एहतियातन कदम उठाए जाएंगे।

Also Read