बृजभूषण सिंह ने लगाए गंभीर आरोप : कहा- 'कांग्रेस मेरी कुंडली में बैठी है, 1974 से कर रही है साजिश'

UPT | बृजभूषण सिंह

Sep 09, 2024 16:48

पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया के कांग्रेस में शामिल होने के बाद से राजनीतिक तापमान बढ़ गया है। दोनों प्रमुख पहलवानों के कांग्रेस का दामन थामने के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है।

Gonda News : पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया के कांग्रेस में शामिल होने के बाद से राजनीतिक तापमान बढ़ गया है। दोनों प्रमुख पहलवानों के कांग्रेस का दामन थामने के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। इस कड़ी में कैसरगंज से बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने एक बार फिर कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि कांग्रेस उनकी "कुंडली में बैठी" हुई है और हर बार किसी न किसी घटना में उनके खिलाफ साजिश रचती रही है। 

कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप
बृजभूषण शरण सिंह ने आरोप लगाया कि पहलवानों द्वारा उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों के पीछे भी कांग्रेस का हाथ है। उन्होंने कहा, "विनेश फोगाट के कांग्रेस में शामिल होने के बाद से यह बात और स्पष्ट हो गई है कि मेरे खिलाफ जो भी आरोप लगाए गए, वो कांग्रेस की साजिश थी। कांग्रेस हमेशा मेरे खिलाफ रही है। जब 1974 में मेरे ऊपर पहला मुकदमा हुआ और मेरा घर गिराया गया, तब भी कांग्रेस की सरकार थी। टाडा का मुकदमा जब मुझ पर लगाया गया, तब भी कांग्रेस ही सत्ता में थी।"
  कांग्रेस मेरी कुंडली में बैठी है : बृजभूषण
उन्होंने आगे कहा कि उनके परिवार का ऐतिहासिक रूप से कांग्रेस से गहरा नाता रहा है। बृजभूषण शरण सिंह ने बताया, "मेरा परिवार तो कांग्रेस का ही रहा है। मेरे बाबा गोंडा से कांग्रेस के विधायक रह चुके हैं। लेकिन कांग्रेस हमेशा मेरे खिलाफ साजिशें करती रही है। पहलवानों के विरोध प्रदर्शन में भी कांग्रेस की भूमिका साफ नजर आई। जंतर मंतर पर प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र हुड्डा और प्रियंका गांधी सक्रिय थे। प्रियंका गांधी खुद जंतर मंतर पर आई थीं, जो दर्शाता है कि कांग्रेस के बड़े नेता इस पूरे मामले का नेतृत्व कर रहे थे।"

कांग्रेस कर रही है षड्यंत्र : बृजभूषण
बृजभूषण शरण सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि अब जो घटनाएं हो रही हैं, उनका सीधा संबंध कांग्रेस से है। कांग्रेस का उद्देश्य हमेशा से उनके खिलाफ काम करना रहा है। उन्होंने इस पूरे मामले को कांग्रेस की साजिश बताते हुए कहा कि पार्टी उनके खिलाफ षड्यंत्र करती रही है, और पहलवानों के प्रदर्शन में भी यही बात साफ तौर पर दिखाई दी। वहीं दूसरी ओर, कांग्रेस में शामिल होने के बाद पहलवान बजरंग पुनिया ने बृजभूषण शरण सिंह को हरियाणा में घुसने की चुनौती दी। इस पर बृजभूषण ने कहा, "मैं पहले भी कई बार हरियाणा गया हूं और आगे भी जाऊंगा। अगर जरूरत पड़ी, तो फिर से जाऊंगा।"



विनेश को मिली कांग्रेस से टिकट
गौरतलब है कि कांग्रेस ने विनेश फोगाट को हरियाणा विधानसभा चुनाव में जुलाना सीट से टिकट दिया है। विनेश और बजरंग पुनिया दोनों ही बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ जंतर मंतर पर धरना प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे थे, और अब उनके कांग्रेस में शामिल होने के बाद से राजनीतिक जंग और तीखी हो गई है।

Also Read