विनेश के खिलाफ प्रचार करने को तैयार बृजभूषण : पूर्व सांसद ने कहा- अगर पार्टी कहेगी तो जाऊंगा हरियाणा

UPT | एक कार्यक्रम में शामिल बृजभूषण शरण सिंह।

Sep 07, 2024 17:35

भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने आगामी हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर एक महत्वपूर्ण बयान दिया है। उन्होंने 5 अक्टूबर को होने वाले चुनाव में पहलवान विनेश...

Gonda News : भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने आगामी हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर एक महत्वपूर्ण बयान दिया है। उन्होंने 5 अक्टूबर को होने वाले चुनाव में पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया के खिलाफ प्रचार करने की पेशकश की है। यह टिप्पणी उनकी उस प्रतिक्रिया के बाद आई है जब पहलवानों ने हाल ही में कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की और अपने चुनावी संघर्ष में “न डरने और न पीछे हटने” की कसम खाई। बजरंग पूनिया कांग्रेस पार्टी में शामिल हो चुके हैं, हालांकि उन्हें चुनावी टिकट नहीं मिला है। दूसरी ओर विनेश फोगाट जुलाना विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगी। इस मामले में बृजभूषण शरण सिंह ने आरोप लगाया है कि पहलवानों के कांग्रेस में शामिल होने से यह स्पष्ट हो गया है कि उनके खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप कांग्रेस द्वारा रची गई साजिश का हिस्सा हैं।

अगर पार्टी चाहेगी तो मैं प्रचार करने हरियाणा जाऊंगा : बृजभूषण
शुक्रवार को गोंडा में मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि हरियाणा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा और भूपेंद्र सिंह हुड्डा उनके खिलाफ साजिश रच रहे हैं। उन्होंने कहा, "मैंने पहले दिन जो कुछ भी कहा था, मैं आज भी उस पर कायम हूं और आज वही बात पूरा देश कह रहा है।" पूर्व WFI प्रमुख ने यह भी दावा किया कि फोगाट और पूनिया चाहे जहां भी चुनाव लड़ें, वे चुनाव हार जाएंगे। उनका कहना था कि ये पहलवान राजनीति को हल्के में ले रहे हैं और यह मानते हैं कि वे हरियाणा के आगामी चुनावों में जीत हासिल करेंगे। बृजभूषण शरण सिंह ने आगे कहा, “अगर पार्टी चाहेगी तो मैं उनके खिलाफ प्रचार करने हरियाणा जाऊंगा। मेरा दावा है कि मुझे उनके समुदाय के लोगों का अधिकतम समर्थन मिलेगा।”

‘कांग्रेस ने पहलवानों के साथ मिलकर रची साजिश’
भाजपा नेता ने यह भी आरोप लगाया कि पहलवानों को कांग्रेस द्वारा न्याय दिलाने के नाम पर अपने राजनीतिक लाभ के लिए मोहरा बनाया गया है। उन्होंने कांग्रेस पर पहलवानों को अपने विरोध प्रदर्शनों के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाया और कहा कि इस देश में कांग्रेस पार्टी और कुछ पहलवानों ने मिलकर कुश्ती को नीचा दिखाने और बर्बाद करने का काम किया। बृजभूषण शरण सिंह ने यह भी कहा कि कांग्रेस शासन में कुश्ती को कम महत्व दिया गया था और पहलवानों ने WFI की कमान संभालने के बाद ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना शुरू किया था।

बृजभूषण ने बजरंग पुनिया को बताया खलनायक
कैसरगंज से पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने नंदिनी नगर महाविद्यालय के स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया। जहां प्रतिभा सम्मान समारोह के दौरान भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने विभिन्न बोर्ड के हजारों मेधावियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बात करते पहलवान बजरंग पुनिया को खलनायक बताया। उन्होंने कहा कि ये बजरंग पुनिया हरियाणा के नायक नहीं बल्कि खलनायक है। विशेष करके खिलाड़ियों के खलनायक हैं, जूनियर खिलाड़ियों के लिए खलनायक है इन्होंने कोई आदर्श पैदा नहीं किया है।

बजरंग पूनिया पर फिर निशाना साधते हुए कहा कि बजरंग पुनिया की क्या हैसियत है कि वह हमसे बात करेंगे। जिस आदमी ने केवल कुश्ती संघ के पद के लिए और राजनीति के लिए अपनी पत्नी का इस्तेमाल कर दिया। वही कुश्ती में मेडल न आने को लेकर बृजभूषण ने कहा कि अगर यह लोग आंदोलन पर न बैठते तो भारत का 5 मेडल कुश्ती से आता। इन लोगों को हटाने दीजिए और मैं घोषणा करता हूं कि अगले ओलंपिक में कुश्ती से 5 मेडल आएगा। वहीं कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि मुझे लगता है कि कांग्रेस को सफाई देते देते यह पूरा चुनाव बीत जाएगा क्योंकि खेल के मामले में हरियाणा खेल का मुकुट है। और इन्होंने खिलाड़ियों का अत्याचार किया है खिलाड़ियों को बदनाम किया है बहन बेटियों की इज्जत खराब किया है बदनाम किया है। इन पहलवानों और कांग्रेस के राजनीति के चलते कोई भी महिला खिलाड़ी असर उठा करके नहीं चल पा रही है और इसके कारण यह पहलवान,दीपेंद्र हुड्डा, भूपेंद्र हुड्डा और कांग्रेस है। वहीं बृजभूषण ने पहलवानों पर निशाना चाहते हुए कहा कि यह अपने अपनी पत्नियों को आगे करके राजनीति कर रहे हैं और दीपेंद्र हुड्डा, भूपेंद्र हुड्डा इसको भुनाना चाहते हैं।

2023 में पहलवानों ने किया था प्रदर्शन
2023 में भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ महिला पहलवानों द्वारा उठाए गए यौन उत्पीड़न के मुद्दे ने भारतीय राजनीति और समाज में बड़ी हलचल मचाई। इस विवाद का नेतृत्व प्रमुख पहलवानों बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट और साक्षी मलिक ने किया, जिन्होंने भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह पर गंभीर आरोप लगाए। अप्रैल 2023 में बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट और साक्षी मलिक ने भारतीय कुश्ती महासंघ के खिलाफ एक विरोध प्रदर्शन की शुरुआत की। इन पहलवानों ने आरोप लगाया कि बृजभूषण शरण सिंह ने महिला पहलवानों के साथ यौन उत्पीड़न किया है। उनका कहना था कि सिंह ने कई वर्षों तक विभिन्न समय और स्थानों पर उन्हें अनुचित तरीके से छुआ, गलत तरीके से पकड़ा, पीछा किया और धमकाया।

पुलिस ने की कार्रवाई और दर्ज की FIR
इस मामले को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने 15 जून 2023 को बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। FIR में धारा 354 (महिला की लज्जा भंग करने के इरादे से हमला या आपराधिक बल का इस्तेमाल), 354A (यौन उत्पीड़न), 354D (पीछा करना) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत आरोप लगाए गए। आरोपों में कई कथित यौन उत्पीड़न की घटनाओं का उल्लेख किया गया, जिसमें पहलवानों का अनुचित तरीके से छूना, गलत तरीके से पकड़ना, पीछा करना और धमकाना शामिल था।

Also Read