गोंडा में BJP नेताओं के बीच विवाद : चौराहे पर हाथापाई और गाली-गलौज, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो

UPT | गोंडा में BJP नेताओं के बीच विवाद

Sep 25, 2024 17:31

गोंडा के एक चौराहे पर उस समय हड़कंप मच गया जब दो भाजपा नेता आपस में भिड़ गए। यह घटना विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी के बीच हुई...

Gonda News : गोंडा के एक चौराहे पर उस समय हड़कंप मच गया जब दो भाजपा नेता आपस में भिड़ गए। यह घटना विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी के बीच हुई, जब भाजपा के नेता उदय पांडे और राजेश पांडे के बीच विवाद गहरा गया। घटना के अनुसार, उदय पांडे देर शाम अपने घर लौट रहे थे, तभी चौराहे पर राजेश पांडे, जो कि मेहनौन विधानसभा क्षेत्र के मौजूदा विधायक विनय द्विवेदी के रिश्तेदार हैं, से उनका सामना हुआ।

गाड़ी चढ़ाने का आरोप
राजेश पांडे ने आरोप लगाया कि उदय पांडे ने उनके और उनके बेटे पर जानबूझकर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया, जिससे उन्हें चोटें आईं। इसके बाद राजेश पांडे ने पुलिस में तहरीर दी, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई और जांच शुरू कर दी गई।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
इस घटना में एक नया मोड़ तब आया जब सोशल मीडिया पर तीन वीडियो वायरल हुए, जिसमें विवाद और गाली-गलौज का स्पष्ट प्रमाण है। वीडियो में दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस होती हुई दिखाई दे रही है। राजेश पांडे ने बताया कि उनका उदय पांडे से नाली को लेकर पुराना विवाद था, और जब उदय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अपशब्द कहे, तो उन्होंने इसका विरोध किया। इसके परिणामस्वरूप मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गई।



राजनीतिक पृष्ठभूमि
उदय पांडे ने इस विवाद को राजनीतिक घटना बताते हुए कहा कि उन्हें केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर भाजपा के सदस्यता अभियान के तहत क्षेत्र में प्रचार करने के लिए भेजा गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक विनय द्विवेदी और उनके रिश्तेदारों को उनके काम से खुन्नस थी, जिसके कारण विवाद हुआ। 

पुलिस कार्रवाई
अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मनोज कुमार रावत ने बताया कि 22 सितंबर 2024 को रात करीब 10:00 बजे उन्हें सूचना मिली थी कि थॉमसन के पास दोनों नेताओं के बीच झगड़ा हुआ है। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पीड़ित का मेडिकल कराया और संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया। पुलिस मामले की पूरी जांच कर रही है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Also Read