गोंडा में शक्ति सारथी कार्यक्रम का भव्य आयोजन : 108 कन्याओं का पूजन, 1000 ई-रिक्शा हुए रवाना

UPT | आयोजन

Oct 11, 2024 16:47

शारदीय नवरात्रि के दुर्गा अष्टमी के पावन अवसर पर गोंडा जिले में शक्ति वंदन 2.0 के अंतर्गत "शक्ति सारथी कार्यक्रम" का भव्य आयोजन किया गया।

Gonda News : शारदीय नवरात्रि के दुर्गा अष्टमी के पावन अवसर पर गोंडा जिले में शक्ति वंदन 2.0 के अंतर्गत "शक्ति सारथी कार्यक्रम" का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ वर्चुअल माध्यम से उत्तर प्रदेश आकांक्षा समिति की अध्यक्ष डॉक्टर गरिमा सिंह द्वारा किया गया, जबकि गोंडा की जिलाधिकारी (डीएम) नेहा शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अंकिता जैन, और अन्य जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्वलित कर इस आयोजन को आगे बढ़ाया।  

108 कन्याओं का पूजन
कार्यक्रम की शुरुआत 108 कन्याओं के पूजन से हुई, जो जिले के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों से आई थीं। इन कन्याओं का पारंपरिक विधि से पूजन किया गया और उन्हें उपहार स्वरूप सम्मानित भी किया गया। शक्ति वंदन के इस विशेष आयोजन में शक्ति की पूजा के माध्यम से महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।  



1000 ई-रिक्शा हुए रवाना
कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में 1000 ई-रिक्शाओं का हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाना शामिल था। ये सभी ई-रिक्शा पिंक कलर में रंगे हुए थे और इन्हें 'शक्ति सारथी' नाम दिया गया है। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, और इन ई-रिक्शा चालकों को विशेष रूप से महिलाओं की सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाने के लिए प्रशिक्षित किया गया है। यह सुनिश्चित किया गया है कि 90% से अधिक महिलाएं इन ई-रिक्शाओं का उपयोग करेंगी। कार्यक्रम के अंतर्गत ई-रिक्शा चालकों को मिशन शक्ति के तहत महिलाओं की सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी भी दी गई है।  

कार्यक्रम का आयोजन जीरो वेस्ट इवेंट 
इस पूरे कार्यक्रम का आयोजन जीरो वेस्ट इवेंट के रूप में किया गया, जो पर्यावरण के प्रति भी जागरूकता का प्रतीक था। इस अवसर पर गोंडा जिले की 9 उत्कृष्ट महिलाओं को उनके सराहनीय कार्यों के लिए डीएम नेहा शर्मा द्वारा मेडल, प्रशस्ति पत्र और अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इन महिलाओं के योगदान को सम्मानित कर समाज में उनकी भूमिका को और भी प्रबल किया गया।  

शक्ति सारथी कार्यक्रम का भव्य आयोजन
गोंडा की जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने इस अवसर पर कहा, "आज दुर्गा अष्टमी के महापर्व पर गोंडा में शक्ति वंदन कार्यक्रम के तहत शक्ति सारथी कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिसमें ई-रिक्शा चालकों को एक महत्वपूर्ण भूमिका दी गई है। उन्हें 'शक्ति सारथी' की उपाधि दी गई है और यह सुनिश्चित किया गया है कि वे महिलाओं की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार हों।" उन्होंने आगे कहा कि 1000 ई-रिक्शा चालकों का पूजन किया गया और उन्हें हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। साथ ही उन्हें यह भी बताया गया कि महिला सुरक्षा में उनकी क्या भूमिका होगी।  

Also Read