देवरिया में दर्दनाक सड़क हादसा : स्कूटी से कॉलेज जा रही दो छात्राओं को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचला, दोनों की मौत

UPT | देवरिया में दर्दनाक सड़क हादसा

Oct 15, 2024 11:46

बरियारपुर थाना क्षेत्र के बंगहा मठिया गांव के निकट एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो कॉलेज छात्राओं की जान चली गई। यह दुखद घटना तब हुई जब एक ईंट से लदा बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली ने स्कूटी पर सवार दोनों छात्राओं को कुचल दिया।

Deoria News : देवरिया जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र के बंगहा मठिया गांव के पास ईंट लदे बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली ने स्कूटी से कॉलेज जा रही दो छात्राओं को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल छात्राओं को इलाज के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही अहरौली और पिपरा शुक्ल विशुनपुरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पोस्टमार्टम हाउस में भी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बनघा मठिया गांव के पास हुआ हादसा
खुखुंदू थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव के विनोद तिवारी की बेटी शिवानी संत विनोबा पीजी कॉलेज में विधि तृतीय सेमेस्टर की छात्रा थी। इसी थाना क्षेत्र के अहरौली गांव निवासी विजेंद्र पांडेय की बेटी शिवांगी उर्फ ​​रीता पांडेय भी उसी कॉलेज में एमए (अंग्रेजी) द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। दोनों छात्राएं सहेलियां थीं। रीता के पास स्कूटी थी, जिससे दोनों रोजाना कॉलेज आती-जाती थीं। दोनों सुबह स्कूटी से निकली थीं कि बरियारपुर थाना क्षेत्र के बनघा मठिया गांव के पास ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें टक्कर मार दी। ट्रैक्टर का पहिया उनके ऊपर से गुजर जाने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। 


पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में लिया
हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।

Also Read