Deoria News : छात्राओं से छेड़खानी के दो आरोपियों के पैर में लगी गोली, जानें कैसे हुई मुठभेड़...

UPT | मुठभेड़ में घायल बदमाश को अस्पताल ले जाती पुलिस।

Oct 07, 2024 12:30

यूपी के जनपद देवरिया में चार दिन पहले स्कूल से घर लौट रहीं दो छात्राओं से छेड़खानी के दो आरोपी रविवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए। दोनों के पैर में गोली लगी है। देर रात दोनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया...

Deoria News : यूपी के जनपद देवरिया में चार दिन पहले स्कूल से घर लौट रहीं दो छात्राओं से छेड़खानी के दो आरोपी रविवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए। दोनों के पैर में गोली लगी है। देर रात दोनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। आरोपियों की पहचान धीरज पटेल और रितिक यादव के रूप में हुई है। 

ऐसे हुई मुठभेड़
पुलिस के अनुसार, छेड़खानी के दोनों आरोपी धीरज पटेल और रितिक यादव बाइक से तरकुलवा क्षेत्र के सिरसिया गोठा की ओर जा रहे थे। रविवार रात लगभग 11:30 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपियों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों के पास से दो कट्टा बरामद किया है। दोनों को देवरहा बाबा स्वायत्तशासी राज्य मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। दोनों की स्थिति खतरे के बाहर बताई जा रही है। 

ये है पूरा मामला
गौरतलब है कि चार दिन पहले शुक्रवार को स्कूल से परीक्षा देकर लौट रही आठवीं कक्षा की दो छात्राओं से रास्ते में बाइक सवार चार मनचलों ने छेड़खानी की थी। छात्राओं का अपहरण करने की भी कोशिश की थी। छात्राओं के शोर मचाने और ग्रामीणों को आता देखकर चारों आरोपी भाग निकले थे। छेड़खानी की पूरी वारदात पोल्ट्री फार्म के CCTV में कैद हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में उसी दिन देर रात एक संदिग्ध को दबोच लिया था। उसकी निशानदेही पर सभी आरोपियों की पहचान कर ली थी। रविवार देर रात छेड़खानी के आरोपियों के सिरसिया गोठा मार्ग पर जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर सक्रिय पुलिस टीम ने बदमाशों की घेराबंदी की। पुलिस से घिरता देखकर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों अभियुक्तों के पैर में गोली लगी है।

क्या कहती है पुलिस
एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि 4 ​अक्टूबर को स्कूली छात्राओं से छेड़खानी की घटना हुई थी। उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस संबंध में थाना तरकुलवा पर अज्ञात के अभियुक्तों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज हुई थी। विवेचना के क्रम में इन अभियुक्तों की पहचान की गई थी। आज यह सूचना मिली कि अभियुक्त सिरिसिया मार्ग पर कहीं जा रहे हैं। सूचना पर टीमें सक्रिय हुईं और उनकी घेराबंदी की गई। अभियुक्तों द्वारा पुलिस को देखकर उनके ऊपर फायरिंग की गई। पुलिस द्वारा जवाबी कार्रवाई में दो अभियुक्तों के पैर में गोली लगी है। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों अभियुक्तों के नाम रितिक यादव और धीरज पटेल हैं। दोनों मूलरूप से बैकुंठपुर थाना तरकुलवा के रहने वाले हैं। 

Also Read