गोरखपुर में बाढ़ का कहर : घाघरा नदी एक बार फिर उफान पर, दर्जनों गांव प्रभावित, तहसीलदार ने किया निरीक्षण

UPT | बाढ़ पीड़ितों की स्थिति का जायजा लेते अधिकारी

Sep 19, 2024 13:12

गोरखपुर के खजनी तहसील में घाघरा नदी एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखा रही है। पहाड़ों पर हो रही मूसलाधार बारिश के कारण नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिसके परिणामस्वरूप बेलघाट क्षेत्र के दर्जनों गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं।

Gorakhpur News : खजनी में घाघरा नदी एक बार फिर उफान पर है। पहाड़ों पर हो रही भारी बारिश के कहर ने नदी के बाढ़ के पानी से घिरे तहसील के बेलघाट क्षेत्र के दर्जनों गांवों को अपनी चपेट में ले लिया है। 

 गांवों का निरीक्षण किया
बाढ़ पीड़ितों का हाल जानने और उन्हें शासन से मिलने वाली जरूरी सहायता दिलाने के लिए गुरुवार को खजनी तहसीलदार गोपाल कृष्ण तिवारी ने अधिकारियों और लेखपालों की टीम के साथ बेलघाट ब्लॉक के बाढ़ प्रभावित गांव नरगदा जग्गा, नरगदा शिवदत्त सिंह, रापतपुर, छितौना, वसई चपरहट, सुअरहा, सोपई समेत कई अन्य गांवों का निरीक्षण किया। बाढ़ के पानी की चपेट में आए गांवों का हाल जानते हुए उन्होंने राहत और बचाव कार्य से संबंधित जरूरी दिशा-निर्देश दिए।


नावों की व्यवस्था कराई
उन्होंने यह भी कहा कि बाढ़ पीड़ितों को आवश्यक वस्तुओं की कमी नहीं होने दी जाएगी। मौके पर पहुंचे तहसीलदार ने बाढ़ प्रभावितों को गांव से निकलने के लिए कुल 09 नावों की व्यवस्था कराई। उन्होंने कहा कि सरयू नदी (घाघरा) का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। क्षेत्र में स्थापित बाढ़ चौकियों पर तैनात कर्मचारी नदी के बढ़ते जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं। बाढ़ प्रभावित गांवों और आपदा पीड़ितों को हर संभव मदद उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

Also Read