गंडक नदी का कहर : खड्डा तहसील के आधा दर्जन से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में, जिले के अन्य हिस्सों से संपर्क पूरी तरह कटा, राहत कार्य जारी

UPT | बाढ़ की चपेट में आया गांव।

Sep 30, 2024 19:55

कुशीनगर में एक बार फिर गंडक नदी ने तबाही मचा दी है। नेपाल के गंडक बैराज से 5.65 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद खड्डा तहसील के आधा दर्जन से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं।

Kushinagar News : कुशीनगर में एक बार फिर गंडक नदी ने तबाही मचा दी है। नेपाल के गंडक बैराज से 5.65 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद खड्डा तहसील के आधा दर्जन से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। इन गांवों में पानी भरने के कारण सड़कें जलमग्न हो गई हैं, जिससे इनका जिले के अन्य हिस्सों से संपर्क पूरी तरह कट गया है। गांववासी अपने घरों में पानी भरने के कारण छतों पर शरण ले रहे हैं, वहीं छत पर ही खाना बना रहे हैं और वहीं सोने को मजबूर हैं। 

प्रशासन का राहत कार्य
बाढ़ से घिरे गांवों में प्रशासनिक मदद पहुंचाने के लिए जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्र और क्षेत्रीय विधायक विवेकानंद पाण्डेय ने स्टीमर, ट्रैक्टर ट्रॉली और अन्य साधनों का उपयोग कर बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचकर राहत सामग्री वितरित की। अधिकारियों और विधायक ने बाढ़ पीड़ितों को कम्यूनिटी किचेन में भोजन भी कराया। प्रशासन की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं ताकि बाढ़ पीड़ितों को राहत और सहायता मिल सके।

50 हजार से अधिक लोग प्रभावित
गंडक नदी का उफान कुशीनगर में लगभग 50 हजार से अधिक लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। खड्डा तहसील के रेता इलाके के शिवपुर, मरिचहवा, हरिहरपुर, बसंतपुर, बालगोविंद छपरा और नारायणपुर जैसे गांव बाढ़ के पानी से पूरी तरह घिरे हुए हैं। इन गांवों में लोगों के घरों में पानी भर गया है, जिससे बड़ी संख्या में लोग घर की छतों पर शरण ले रहे हैं। बारिश के समय में छतों पर रहना और भी मुश्किल हो गया है।

सरकार का समर्थन और सुरक्षा व्यवस्था
प्रदेश सरकार के निर्देश पर क्षेत्रीय विधायक विवेकानंद पाण्डेय ने कहा कि सरकार बाढ़ पीड़ितों के साथ पूरी तरह से खड़ी है और उनके खाने-पीने की व्यवस्था की जा रही है। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने बताया कि सरकार बाढ़ पीड़ितों की हर संभव मदद कर रही है और राहत सामग्री तेजी से वितरित की जा रही है। वहीं, एसपी संतोष कुमार मिश्र ने कहा कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि किसी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके। प्रशासन की पूरी टीम बाढ़ पीड़ितों की हरसंभव मदद के लिए तत्पर है और राहत कार्य जारी है। 

Also Read