कुशीनगर में राजनाथ सिंह की रैली : बोले- 'सीएम योगी ने बदमाशों की गर्मी शांत कर शिमला की ठंड का एहसास कराया'

UPT | कुशीनगर में राजनाथ सिंह की रैली

May 30, 2024 14:48

लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण के लिए सभी राजनीतिक दल अपनी ताकत झोंकने में लगे हैं। गुरुवार शाम चुनाव प्रचार थम जाएगा। गुरुवार को देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह चुनावी जनसभा को संबोधित करने कुशीनगर पहुंचे...

Kushinagar News : लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण के लिए सभी राजनीतिक दल अपनी ताकत झोंकने में लगे हैं। गुरुवार शाम चुनाव प्रचार थम जाएगा। गुरुवार को देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह चुनावी जनसभा को संबोधित करने कुशीनगर पहुंचे। उन्होंने जनता से कुशीनगर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी विजय दुबे के लिए वोट मांगे। जनसभा को संबोधित करते राजनाथ ने उत्तर प्रदेश के सीएम योगी की खूब तारीफ की और विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।

'देश में वन नेशन वन इलेक्शन होगा'
राजनाथ सिंह ने कहा कि इस बार सरकार बनेगी तो भारत में वन नेशन वन इलेक्शन होगा। 25 साल से विदेशों में जा रहा हूं। पहले भारत के मंच पर भाषण के लिए खड़े होते थे तो कोई हमारी बातों को गंभीरता से नहीं सुना जाता था। लेकिन आज भारत जब अंरर्राष्ट्रीय मंच से कुछ बोलता है तो सारी दुनिया कान खोलकर सुनता है। यह काम मोदी की सरकार में हुआ है। पाकिस्तान का जिक्र करते हुए कहा कि पाकिस्तान की संसद में एक सांसद ने कहा कि भारत विश्न की महाशक्ति बन रहा है। पाकिस्तान बर्बादी से बचने के लिए दुनिया से भीख मांग रहा है।

'2070 में भारत सबसे धनवान देश होगा'
राजनाथ सिंह ने कहा कि 2014 से पहले धन-दौलत के मामले में हमारा भारत 11वें स्थान पर था। लेकिन 8 साल के अंदर पीएम मोदी ने करिश्मा कर दिखाया। पीएम मोदी ने भारत को पाचवें स्थान पर पहुंचाया। दुनिया के अर्थशास्त्र का कहना है कि भारत की दुनिया में सर्वाधिक तेजी से आगे बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है। भारत आज से तीन साल के बाद धन-दौलत के मामले में दुनिया में तीसरे नंबर पर होगा। 2027 में अमेरिका और चीन के बाद तीसरा भारत होगा। राजनाथ सिंह ने दावा किया कि 2070 आते-आते भारत अर्थव्यवस्था में पहले स्थान पर होगा।

'भारत ब्रह्मोस मिसाइल बना रहा'
आतंकवाद पर बोलते हुए राजनाथ ने कहा कि भारत ब्रह्मोस मिसाइल बना रहा है। यह मिसाइल भारत की रक्षा के लिए ही नहीं बल्कि मित्र देशों को मिसाइल एक्सपोर्ट भी कर रहे हैं। भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा अब समाप्त पार्टी होगी। सपा की हालत पतली होती जा रही है। 10 साल बाद कांग्रेस का नामोनिशान मिट जाएगा। भाजपा जनता की आखों में धूल झोंककर राजनीति नहीं करती है। भाजपा जो कहती है वह करती है। हमने धारा 370 हटाई, राम मंदिर को भी बनवाया।

राहुल गांधी पर कसा तंज
राजनाथ ने सीएम योगी की तारीफ करते हुए कहा कि योगी ने बदमाशों को गर्मी में शिमला की ठंड का अहसास कराने का काम उत्तर प्रदेश के इतिहास में पहली बार किया है। राज्य के विकास के लिए सख्ती करनी जरूरी है। विपक्ष सरकार बनाने के लिए राजनीति करते हैं। धर्म के नाम पर आरक्षण नहीं दिया जाएगा। संविधान इसकी इजाजत नहीं देता है। राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल ने स्वीकार किया कि अपने नाना-नानी, दादी की सरकार दलित, पिछड़ा वर्ग विरोधी थी।

Also Read