रिश्वत लेते चकबंदी लेखपाल गिरफ्तार : सादी वर्दी में थी विजिलेंस टीम, जानें कार्रवाई के बाद कैसा है महाराजगंज का माहौल

UPT | महाराजगंज जिले में कार्रवाई करती विजलेंस की टीम।

Aug 23, 2024 01:28

महाराजगंज में विजलेंस ने चकबंदी लेखपाल को घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मामला तब सामने आया जब नौतनवां तहसील के मल्हनी फुलवरिया निवासी एक व्यक्ति ने घूसखोरी की शिकायत दर्ज कराई।

Maharajganj News : उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में विजलेंस की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। चकबंदी लेखपाल अमरनाथ प्रसाद को घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। गोरखपुर स्थित उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। मामला तब सामने आया जब नौतनवां तहसील के मल्हनी फुलवरिया निवासी रामजी यादव ने चकबंदी लेखपाल अमरनाथ प्रसाद के खिलाफ घूसखोरी की शिकायत दर्ज कराई। रामजी यादव की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विजलेंस टीम ने मोहनापुर रेलवे क्रासिंग के पास घेराबंदी की और लेखपाल को घूस लेते हुए धर दबोचा। 

गिरफ्तारी के दौरान लेखपाल कुछ समझ नहीं पाए 
गिरफ्तारी के दौरान लेखपाल अमरनाथ प्रसाद कुछ समझ नहीं पाए और खुद को छुड़ाने की कोशिश करने लगे। टीम के सभी सदस्य सादी वर्दी में थे, जिससे लेखपाल उन्हें पहचान नहीं सका। तभी एक अधिकारी ने स्पष्ट किया कि वे विजलेंस टीम के सदस्य हैं। इस बात का पता चलते ही लेखपाल के होश उड़ गए। इस घटना का वीडियो इंटरनेट पर भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे जिले में सनसनी फैला दी है। 

विकास भवन में भी इस घटना की चर्चा जोरों पर 
चकबंदी लेखपाल की गिरफ्तारी की खबर ने फरेंदा,निचलौल,नौतनवा और सदर तहसील समेत पूरे जिले में अधिकारियों और कर्मचारियों को सकते में डाल दिया है। विकास भवन में भी इस घटना की चर्चा जोरों पर है, जहां अधिकारी और कर्मचारी भविष्य में ऐसी कार्रवाई से बचने के लिए सतर्क हो गए हैं। 

जिलाधिकारी ने कहा-  सभी अधिकारी और कर्मचारी निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से काम करें 
जिलाधिकारी अनुनय झा ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी हिदायत दी है कि वे शासन की मंशा के अनुसार निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से काम करें। उन्होंने कहा कि फरियादियों और पीड़ितों की समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण करना अनिवार्य है, और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कोई शिकायत मिलती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी जाएगी। इस घटना ने महाराजगंज जिले में सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को यह संदेश दिया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की घूसखोरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 

Also Read