नेपाल की बाढ़ ने महराजगंज में मचाई तबाही : सोहागीबरवा में हालात खराब, मचान और छत पर दिन-रात गुजार रहे लोग

UPT | नेपाल की नदियों के उफान से महराजगंज में बाढ़

Oct 01, 2024 13:27

उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में नेपाल से आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। पड़ोसी देश में हुई अत्यधिक वर्षा के कारण नदियों में आए उफान ने भारतीय सीमा में प्रवेश कर लिया है, जिससे महराजगंज के निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

Maharajganj News : लगातार हो रही बारिश के कारण नेपाल की नदियां उफान पर हैं जिसके कारण महराजगंज जिले के निचलौल तहसील के सोहागीबरवा क्षेत्र के तीन गांवों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। महराजगंज में पिछले 24 घंटे से बारिश न होने के कारण नदियों का जलस्तर कम हुआ है लेकिन सोहागीबरवा, शिकारपुर और भोतहा गांव में बाढ़ से लोगों की परेशानी कम नहीं हुई है। लोग अपने घर छोड़कर ऊंचे स्थानों पर रहने को मजबूर हैं। वहीं प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में ग्रामीणों के लिए खाने-पीने का इंतजाम किया है लेकिन ग्रामीणों की मानें तो नेपाल से निकलने वाली नदियां हर साल बाढ़ लाकर भारी तबाही मचाती हैं।

नेपाल द्वारा छोड़े गए पानी से तबाही मची
एक तरफ नेपाल में भारी जल प्रलय से तबाही मची है तो वहीं दूसरी तरफ नेपाल द्वारा छोड़े गए पानी ने यूपी और बिहार भी प्रभावित हुए हैं। बात अगर महराजगंज जिले की करें तो नेपाल से निकली गंडक नदी की बाढ़ का पानी निचलौल तहसील क्षेत्र के सोहागीबरवा इलाके में घुस गया है। इससे लोग घरों की छतों या ऊंचे स्थान पर रहने को मजबूर हैं।

गांवों और बस्तियों का संपर्क टूटा
महराजगंज में पिछले 24 घंटे से बारिश नहीं होने से नदियों का जलस्तर कम हुआ है लेकिन बाढ़ का पानी अभी भी खेतों, सड़कों और घरों में भरा हुआ है। इसके कारण सोहागीबरवा, भोतहा और शिकारपुर में लोग मचान और छतों पर दिन-रात गुजार रहे हैं। सोहगीबरवा में स्थिति बेहद गंभीर है, यहां सड़कों पर 6 फीट तक पानी भर गया है। घरों में पानी भर जाने से लोगों के सामने रहने और खाने का संकट खड़ा हो गया है। सभी सड़कें बाढ़ की चपेट में आ गई हैं। सभी गांवों और बस्तियों का संपर्क टूट गया है। पैदल यात्रा जोखिम भरी होने के कारण ग्रामीण नाव का सहारा ले रहे हैं और गांव टापू बन गए हैं।

अगले 24 घंटे में स्थिति सामान्य होने की उम्मीद
जिलाधिकारी अनुनय झा ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री वितरित की जा रही है तथा वहां के लोगों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं। बाढ़ का पानी घट रहा है तथा अगले 24 घंटे में स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।

Also Read