महाराजगंज महोत्सव 2024 : एक अक्तूबर को सजेगी महफिल, भोजपुरी और बॉलीवुड स्टार्स का दिखेगा जलवा

UPT | महाराजगंज महोत्सव में कई नामी हस्तियां प्रस्तुति देंगी

Sep 27, 2024 16:34

जनपद के स्थापना दिवस पर तीन दिवसीय महाराजगंज महोत्सव मनाया जाएगा। महोत्सव में सांस्कृतिक जगत की कई नामचीन हस्तियां प्रस्तुति देंगी, इसमें भोजपुरी और बॉलीवुड स्टार्स का भी दिखेगा जलवा।

Maharajganj News : उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में आगामी 1 से 3 अक्टूबर 2024 तक महाराजगंज महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। यह महोत्सव जिले के जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज परिसर में आयोजित होगा। जिले की स्थापना 2 अक्टूबर 1989 को हुई थी। इस यादगार दिन को मनाने के लिए जिला पर्यटन एवं सांस्कृतिक परिषद ने तीन दिन के कार्यक्रम का आयोजन किया है। जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज के ग्राउंड में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में सांस्कृतिक जगत की कई नामचीन हस्तियां प्रस्तुति देंगी। जिलाधिकारी अनुनय झा ने 3 दिन तक चलने वाले महोत्सव के लिए आधिकारिक कार्यक्रम को घोषित कर दिया है। वहीं महोत्सव को खास बनाने और कार्यक्रमों को व्यवस्थित ढंग से कराए जाने के लिए नोडल अधिकारियों की भी तैनाती कर दी गई है ।

मोनाली ठाकुर, बी प्राक और मनोज तिवारी करेंगे अपनी प्रस्तुति
महोत्सव के पहले दिन विज्ञान प्रदर्शनी, रंगोली प्रतियोगिता और स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति समेत कई कार्यक्रम होंगे। शाम को सांस्कृतिक संध्या में मोनाली ठाकुर शिरकत करेंगी। दूसरे दिन बॉलीवुड संध्या के साथ वनटांगिया जीवन पद्धति पर आधारित कार्यक्रम का आयोजन होगा। साथ ही, बॉलीवुड से मशहूर सिंगर और कंपोजर बी प्राक अपने गीतों का जादू बिखेरेंगे। तीसरे दिन समापन समारोह के मौके पर मनोज तिवारी और अक्षरा सिंह भोजपुरी संध्या में अपने गीतों से समां बांधेंगे और लेजर शो भी होगा। 


डीएम ने सीएम और अधिकारियों को आमंत्रण भेजा 
महोत्सव की मेजबानी के लिए तैयार डीएम ने मुख्यमंत्री के साथ ही प्रदेश के सभी मंडलायुक्तों समेत सभी जिलाधिकारियों को विशेष आमंत्रण भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिलाधिकारी अनुनय झा की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को विशेष आमंत्रण भेजा गया है। इसके साथ ही महोत्सव से जुड़े उत्तर प्रदेश के 18 मंडलायुक्तों, 75 जिलाधिकारियों और गोरखपुर मंडल के प्रमुख सचिव पर्यटन मंत्री समेत सभी बड़े अधिकारियों को भी आमंत्रण भेजा गया है। इसके साथ ही महराजगंज जिले के सभी जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।

पहले दिन मोनाली ठाकुर का कार्यक्रम
महाराजगंज महोत्सव के पहले दिन 1 अक्टूबर को 11 बजे दीप प्रज्वलित कर एवं स्वागत गीत गाकर महोत्सव का उद्घाटन किया जाएगा। इस दौरान अंतर विद्यालय सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं अन्य विभागीय प्रदर्शनियों का भी उद्घाटन किया जाएगा। 14:30 से 16:00 बजे तक अंतर विद्यालय सांस्कृतिक कार्यक्रम (समूह नृत्य एवं एकल नृत्य पर आधारित) आयोजित किए जाएंगे। 16.00 से 18.30 बजे तक स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके साथ ही विज्ञान प्रदर्शनी, रंगोली प्रतियोगिता, पुस्तक प्रतियोगिता, राज्य में जिला गैलरी भी मौजूद रहेगी तथा विशेष आकर्षण के रूप में महाराजगंज मैराथन, कुश्ती एवं क्रिकेट मैच का भी आयोजन किया जाएगा। रात्रि 8:30 से 12:00 बजे तक मोनाली ठाकुर द्वारा सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

बॉलीवुड संध्या में दूसरे दिन भी बी प्राक के गानों का जादू
महोत्सव के दूसरे दिन 2 मार्च को वनटांगिया जीवन पद्धति पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा, साथ ही बी-प्राक द्वारा बॉलीवुड संध्या का भी आयोजन किया जाएगा।
 
तीसरे दिन मनोज तिवारी और अक्षरा सिंह का कार्यक्रम
महोत्सव के तीसरे दिन 3 मार्च को सुबह 10 बजे से 11.30 बजे तक मुख्य मंच पर साइंस क्विज, 11.30 बजे से 13.30 बजे तक अंतर विद्यालय सांस्कृतिक कार्यक्रम समूह प्रस्तुति होगी। शाम 18.00 बजे से 19.00 बजे तक पंकज कुमार मौर्य की टीम द्वारा लघु नाटक प्रस्तुत किया जाएगा, साथ ही लेजर शो और भोजपुरी संध्या कार्यक्रम में मनोज तिवारी और अक्षरा सिंह अपने गानों से लोगों का मन मोह लेंगे।

महोत्सव से जिले को मिलेगी विशेष पहचान
महराजगंज महोत्सव को सफल बनाने के लिए जिले के सभी अधिकारी जुट गए हैं। एडीएम डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि महराजगंज जिला यूपी के बड़े जिलों में से एक है लेकिन जिले को अभी उस स्तर की पहचान नहीं मिल पाई है। महराजगंज जिले को पूरे प्रदेश में अपनी सांस्कृतिक विरासत के लिए जाना जाना चाहिए क्योंकि जिले में राम ग्राम, देवदह जैसे पुरातात्विक स्थल हैं। सोहागीबरवा वन प्रभाग जैसी घूमने वाली जगह है। जिले के अधिकारियों का मानना ​​है कि महराजगंज महोत्सव के बाद लोग यूपी के नक्शे में महराजगंज जिले को देख पाएंगे।

Also Read