महराजगंज में युवक की संदिग्ध मौत : घर में फंदे से लटकता मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

UPT | तफ्तीश करने पहुंची पुलिस

Oct 23, 2024 16:47

महराजगंज में एक युवक का शव घर के अंदर गमछे के सहारे फंदे से लटकता हुआ मिला। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Maharajganj News : महराजगंज के घुघली थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सभा पिपरा गांव में एक घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में गमछे के सहारे फंदे से लटकता युवक का शव मिला है। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

ये था मामला
जानकारी के अनुसार , मंगलवार को मजदूरी से लौटने के बाद रुपेश (30 वर्ष ) ने सामान्य रूप से रात का भोजन किया और अपने कमरे में चला गया। अगली सुबह देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर चिंतित चाचा ने छत से झांककर देखा तो रुपेश का शव गमछे से बने फंदे में लटका मिला। बता दें कि माता-पिता के असामयिक निधन के बाद चाचा जनार्दन शर्मा ने रुपेश शर्मा का पालन-पोषण किया। वयस्क होने पर चाचा ने उसे खेती और घर में बराबर का हिस्सा दिया। रुपेश अविवाहित था और अकेला रहता था।


परिजनों के बयान दर्ज किए
घुघली थाना प्रभारी रामचरन सरोज के नेतृत्व में पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मृत्यु के कारणों की जांच कर रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

Also Read