चार दिन के प्रवास पर आज गोरखपुर आएंगे मोहन भागवत : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता विकास वर्ग में होंगे शामिल

UPT | संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत।

Jun 12, 2024 07:00

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ वर्ष में स्वयंसेवकों के लिए चार तरह का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करता है। प्रारंभिक वर्ग प्रशिक्षण में जिला स्तर व विभाग स्तर के स्वयंसेवक शामिल होते हैं। संघ शिक्षा वर्ग सामान्य के अलावा क्षेत्र स्तर पर कार्यकर्ता विकास वर्ग आयोजित किया जाता है।

Gorakhpur News : लोकसभा चुनाव के ठीक बाद गोरखपुर में प्रदेश के चार क्षेत्रों के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों की जुटान हुई है। संघ द्वारा चलाए जा रहे कार्यकर्ता विकास वर्ग प्रथम और संघ शिक्षा वर्ग विशेष में स्वयंसेवकों को संघ की रीति-नीति और समाज के समझ ज्वलंत चुनौतियों को लेकर प्रशिक्षित किया जा रहा है। बुधवार को कार्यकर्ता विकास वर्ग प्रथम में सम्मिलित होने के लिए संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत चार दिवसीय प्रवास पर गोरखपुर पहुंच रहे हैं। चार दिनों के दौरान सरसंघचालक अलग-अलग सत्र में स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन करेंगे। सरसंघचालक के कार्यक्रम को देखते हुए संघ पदाधिकारी तैयारियों में जुटे हैं।

तीन सौ स्वयंसेवक ले रहे हैं हिस्सा
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ वर्ष में स्वयंसेवकों के लिए चार तरह का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करता है। प्रारंभिक वर्ग प्रशिक्षण में जिला स्तर व विभाग स्तर के स्वयंसेवक शामिल होते हैं। संघ शिक्षा वर्ग सामान्य के अलावा क्षेत्र स्तर पर कार्यकर्ता विकास वर्ग आयोजित किया जाता है। कार्यकर्ता विकास वर्ग द्वितीय हर वर्ष नागपुर में आयोजित किया जाता है। संघ की दृष्टि से प्रशिक्षण कार्यक्रम को अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। इसमें शाखा से लेकर संघ के विस्तार और स्वयंसेवकों में सेवा, संपर्क, प्रचार, समन्वय और सामाजिक सरोकारों के लिए प्रशिक्षित किया जाता है। पिछली बार कार्यकर्ता विकास वर्ग प्रथम काशी प्रांत में आयोजित किया गया था। इस बार गोरखपुर प्रांत में इसका आयोजन चल रहा है। इसमें काशी, गोरखपुर, अवध और कानपुर के लगभग तीन सौ स्वयंसेवक हिस्सा ले रहे हैं। कार्यकर्ता विकास वर्ग और संघ शिक्षा वर्ग विशेष तीन जून से शुरू हुआ था। कार्यकर्ता विकास वर्ग सरस्वती शिशु मंदिर चिउटहा और संघ शिक्षा वर्ग विशेष सरस्वती शिशु मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सूर्यकुंड में चल रहा है। प्रशिक्षण के दौरान संघ के कई अखिल भारतीय पदाधिकारी भी यहां पहुंचकर स्वयंसेवकों को संबोधित कर रहे हैं।

लोकसभा चुनाव के परिणामों पर हो सकती है चर्चा
बुधवार को सरसंघचालक मोहन भागवत भी कार्यकर्ता विकास वर्ग में सम्मिलित होने के लिए गोरखपुर पहुंच रहे हैं। सरसंघचालक दोपहर में गोरखपुर पहुंचेंगे। इसके बाद वे सरस्वती शिशु मंदिर चिउटहा मानीराम में कार्यकर्ता विकास वर्ग में हिस्सा लेने के लिए वहां के लिए प्रस्थान करेंगे। चार दिवसीय प्रवास के दौरान सरसंघचालक अलग-अलग सत्र में स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन करेंगे। यह माना जा रहा है कि सरसंघचालक संघ के विस्तार पर जोर देने के साथ ही हालिया लोकसभा चुनाव के परिणाम को लेकर राजनीतिक परिदृश्य पर भी चर्चा कर सकते हैं। सामाजिक सरोकारों में स्वयंसेवक किस तरह अपनी भूमिका निभा सकते हैं इसको लेकर भी सरसंघचालक मार्गदर्शन कर सकते हैं। सरसंघचालक के कार्यक्रम को देखते हुए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में अधिकृत लोगों के अलावा किसी अन्य के प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। संघ शिक्षा वर्ग का समापन 18 तथा कार्यकर्ता विकास वर्ग का समापन 24 जून को होगा।

मोहन भागवत से मुलाकात करेंगे सीएम योगी  
चार दिवसीय प्रवास के दौरान सरसंघचालक मोहन भागवत प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात कर सकते हैं। सरसंघचालक का गोरखपुर आगमन कई मायनों से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर बन चुका है। मंदिर बनने के बाद सरसंघचालक का यह गोरखपुर का पहला आगमन है। राम मंदिर आंदोलन में गोरक्षपीठ के नेतृत्व ने इस संघर्ष को ऊंचाइयों पर पहुंचाया था। हालांकि, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर आगमन का अभी कोई आधिकारिक कार्यक्रम नहीं आया है लेकिन यह माना जा रहा है कि अपनी कर्मभूमि में सरसंघचालक के आने पर सीएम योगी उनसे मिलने आएंगे। 

Also Read