गोरखपुर से बड़ी खबर : सपा की लोकसभा उम्मीदवार काजल निषाद को हार्ट अटैक, गंभीर हालत में लखनऊ रेफर

UPT | सपा उम्मीदवार काजल निषाद।

Apr 07, 2024 23:07

काजल निषाद की तबीयत शुक्रवार की शाम को खराब हुई थी। जनसंपर्क के दौरान वह बेहोश हो गई थीं। इसके बाद उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस दौरान डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें डिहाइड्रेशन हुआ है।

Gorakhpur News : इंडिया गठबंधन में समाजवादी पार्टी से लोकसभा की उम्मीदवार और अभिनेत्री काजल निषाद को रविवार को दिल का दौरा पड़ा है। बताया जा रहा है कि अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान उन्हें दिल का दौरा पड़ा। ईसीजी की रिपोर्ट में बदलाव देखने के बाद सतर्क हुए डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल रेफर कर दिया है। देर रात परिजन व पार्टी कार्यकर्ता उन्हें एंबुलेंस से लेकर लखनऊ रवाना हो गए। पार्टी के पदाधिकारियों ने इसकी सूचना राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को दे दी है। 

शुक्रवार शाम से खराब थी तबीयत
जानकारी के मुताबिक काजल निषाद की तबीयत शुक्रवार की शाम को खराब हुई थी। जनसंपर्क के दौरान वह बेहोश हो गई थीं। इसके बाद उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस दौरान डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें डिहाइड्रेशन हुआ है। इलाज से उनकी सेहत में सुधार हो रहा था। अचानक रविवार को उनकी तबीयत फिर बिगड़ने लगी। उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत डॉक्टरों से की। इसके बाद ईसीजी कराई गई। रिपोर्ट में दिल के रिदम में बदलाव मिला है।

इलाज कर रहे डॉक्टरों की टीम में शामिल डॉ. यासिर अफजाल ने बताया कि रिपोर्ट से पता चला कि उनको दिल का दौरा पड़ा है। ऐसे में एहतियातन हॉस्पिटल के सीनियर डॉक्टरों ने काजल निषाद को लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल रेफर किया। वहीं तबीयत खराब होने की सूचना मिलते ही सपा कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचने लगे। महानगर अध्यक्ष शब्बीर कुरैशी, सोशल मीडिया प्रभारी इम्तियाज अहमद और मीडिया प्रभारी राघवेंद्र तिवारी राजू ने इसकी जानकारी ली। देर रात एंबुलेंस से उन्हें लेकर परिजन लखनऊ रवाना हो गए।

लगातार जनसंपर्क कर रही थीं काजल निषाद
सपा ने गोरखपुर सदर लोकसभा सीट से काजल निषाद को अपना उम्मीदवार बनाया है। टिकट मिलने के बाद से ही काजल निषाद लगातार चुनाव प्रचार में जुट गई हैं। सुबह से लेकर देर रात तक वह गोरखपुर सदर के शहरी और ग्रामीण इलाकों में जनता के बीच जाकर उनसे मिल रही हैं। चुनाव प्रचार के क्रम में ही काजल निषाद की तबीयत अचानक बिगड़ गई। शुक्रवार को काजल चुनाव प्रचार के लिए क्षेत्र में निकली थीं। इसी दौरान तेज धूप और गर्मी की वजह से उन्‍हें अचानक चक्कर आया और वे बेहोश होकर गिर गईं। काफी देर तक जब उन्‍हें होश नहीं आया तो उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 

कौन हैं काजल निषाद
समाजवादी पार्टी से गोरखपुर सदर से घोषित उम्मीदवार काजल निषाद भोजपुरी फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री हैं। काजल निषाद का जन्म मुंबई शहर में हुआ था। उनके माता-पिता कच्छ गुजरात से हैं लेकिन और मुंबई में बस गए हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत साल 2012 में कांग्रेस के साथ की। उसी साल उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर गोरखपुर से विधानसभा का चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें चुनाव में उन्हें करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी। साल 2021 में काजल निषाद समाजवादी पार्टी में शामिल हो गई थीं। 

विधानसभा चुनाव में सपा ने बनाया था प्रत्याशी
साल 2022 की विधानसभा चुनाव में सपा ने उन्हें कैंपियरगंज से अपना प्रत्याशी बनाया था। विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बावजूद सपा ने अगले साल अप्रैल 2023 में मेयर के चुनाव में गोरखपुर से उन्हें अपना प्रत्याशी बनाया था। हालांकि इस चुनाव में भी काजल को करारी हार झेलनी पड़ी। उन्होंने भाजपा पर वोटो में हेराफेरी करने का आरोप लगाते हुए चुनाव रद्द तक करने की मांग तक कर दी थी। अब एक बार फिर से सपा ने निषाद बहुल गोरखपुर सदर सीट से काजल पर भरोसा जताते हुए उन्हें अपना प्रत्याशी घोषित किया है।

छोटे से बड़े पर्दे तक जलवा बिखेर चुकी हैं काजल निषाद
काजल न सिर्फ सियासी पिच पर ही जमकर बल्लेबाजी करना जानती हैं, बल्कि वे छोटे से लेकर बड़े पर्दे तक अपना जलवा बिखेर चुकी हैं। उन्होंने साल 2009 में सब टीवी पर आने वाले सीरियल लापतागंज से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उनकी पहली भोजपुरी फिल्म शादी-ब्याह रिलीज हुई थी। अब तक वह कई भोजपुरी फिल्मों में काम कर चुकी हैं।
 

Also Read