गोवा से दिल्ली मौत का सफर : ट्रेन के कोच में आगरा के मुसाफिर की लाश मिली

फ़ाइल फोटो | अजय सक्सेना

Jul 01, 2024 18:43

अजय मूल रूप से आगरा के विजय नगर कॉलोनी के निवासी थे। वर्तमान में परिवार के साथ दिल्ली के द्वारका में रह रहे थे। वे गोवा में पेंटर का काम करने गए थे। तीन महीने बाद घर लौट रहे थे...

Jhansi News : गोवा टू दिल्ली का सफर आगरा के अजय सक्सेना के लिए आखिरी सफर बन गया। मंगलदीप एक्सप्रेस के जनरल कोच में उनकी लाश मिली। 55 वर्षीय अजय अपने सहकर्मी बृजेश शास्त्री के साथ गोवा से दिल्ली यात्रा कर रहे थे। 

अजय मूल रूप से आगरा के विजय नगर कॉलोनी के निवासी थे। वर्तमान में परिवार के साथ दिल्ली के द्वारका में रह रहे थे। वे गोवा में पेंटर का काम करने गए थे। तीन महीने बाद घर लौट रहे थे। घर आने के लिए 29 जून की रात को मंगलदीप एक्सप्रेस में सवार हुए थे। झांसी के वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन पर शव को उतारा गया, जहां पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

सहकर्मी बृजेश शास्त्री ने बताया कि  यात्रा के दौरान अजय को बुखार था। वह एक सप्ताह पहले सीढ़ियों से गिर गए थे, जिसके बाद से उन्हें सीने में दर्द था। अजय की अचानक मृत्यु से उनका परिवार शोक में डूब गया है। उनकी पत्नी और दो बेटे तुरंत झांसी पहुंच गए। अजय के परिवार में तीन बेटियां और दो बेटे हैं, जिनमें से एक बेटे और एक बेटी की शादी हो चुकी है। पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर ली है और जांच प्रक्रिया जारी है।

Also Read