लोकसभा चुनाव : सपा मुखिया अखिलेश यादव ने रसूलाबाद में किया रोड शो, कन्नौज सीट पर सपा-भाजपा की प्रतिष्ठा दांव पर लगी, कई मुद्दों पर सरकार को घेरा

UPT | सपा मुखिया अखिलेश यादव

Apr 27, 2024 17:48

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने रसूलाबाद विधानसभा क्षेत्र में रोड शो कर अपने प्रचार की शुरुआत कर दी। उन्होंने सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरा। रसूलाबाद विधानसभा सीट कन्नौज लोकसभा सीट का हिस्सा है। 

Kanpur News: कन्नौज लोकसभा सीट की चर्चा पूरे उत्तर प्रदेश में है। सपा मुखिया अखिलेश यादव कन्नौज् सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। कन्नौज लोकसभा सीट को समाजवादी पार्टी का गढ़ कहा जाता है। इस सीट पर दोनों ही पार्टियों ने अपनी प्रतिष्ठा दांव पर लगा दी है। शनिवार को सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कन्नौज सीट में आने वाली कानपुर देहात की रसूलाबाद विधानसभा क्षेत्र में रोड शो किया। अखिलेश के रोड शो में भारी जन सैलाब उमड़ पड़ा। वहीं, क्षेत्र की जनता अखिलेश की एक झलक पाने के लिए बेताब दिखी।

कन्नौज लोकसभा सीट में पांच विधानसभा सीटें आती हैं। जिसमें कन्नौज की सदर, तिर्वां, छिबरामऊ विधानसभा सीटों के अलावा औरैया के बिधूना और कानपुर देहात की रसूलाबाद विधानसभा सीटें हैं। रसूलाबाद विधानसभा सीट सुरक्षित सीट है। लोकसभा चुनाव 2019 में डिंपल इसी विधानसभा में हार गईं थीं। इसलिए सपा मुखिया अखिलेश यादव ने अपने प्रचार की शुरुआत रसूलाबाद विधानसभा क्षेत्र से की है।

अखिलेश की राह नहीं है इतनी आसान
भारतीय जनता पार्टी ने पिछले लोकसभा चुनाव में कन्नौज सीट पर पहली बार कमल खिलाया था। बीजेपी ने बीते पांच वर्षों में कन्नौज के अंदर खुद को मजबूत स्थित में कर लिया है। कन्नौज संसदीय सीट में आने पांच विधानसभा सीटों में से चार पर बीजेपी के विधायक हैं। इसके साथ ही आठ ब्लाकों में बीजेपी का कब्जा है। सहकारी चुनावों में भी बीजेपी ने बढ़त बना ली है।

कई मुद्दों पर घेरा
रसूलाबाद क्षेत्र में रोड शो के दौरान अखिलेश यादव ने बीजेपी को कई मुद्दों पर घेरा। रोड शो के दौरान उनके रथ पर एक बच्चा बाबा भीमराव अम्बेडकर के रूप में दिखा। बच्चे के हाथ में संविधान था। अखिलेश यादव ने कहा कि बाबा साहब संविधान लिखकर सभी को समानता का अधिकार दिया। बीजेपी बाबा के लिखे संविधान को बदलना चाहती है। इसके साथ उन्होंने कानून व्यवस्था, किसान, बिजली, बेरोजगारी, शिक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार को घेरा।

Also Read