Lucknow News : अकबरनगर में दूसरे दिन भी प्रशासन की कार्रवाई जारी, भारी पुलिस बल तैनात 

UPT | अकबरनगर में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई।

Feb 27, 2024 16:40

कुकरैल मिनी रिवर फ्रंट की जद में आने वाले मकानों को गिराया जा रहा है। लखनऊ विकास प्राधिकरण और नगर निगम के संयुक्त कार्रवाई में सोमवार को 15 से ज्यादा मकानों को गिराया गया था। मंगलवार को भी यहां बसे लोगों का आशियाना उजाड़ा जाएगा।

Short Highlights
  • कुकरैल पर मिनी रिवर फ्रंट बनाने के लिए 30 मकान गिराए जाएंगे
  • कई लोग ऐसे हैं जिन्हें अब तक शिफ्ट नहीं किया और झोपड़पट्टियों को हटा दिया
Lucknow News : राजधानी लखनऊ के अकबरनगर में दूसरे दिन भी प्रशासन की अवैध निर्माण ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी है। सोमवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण और नगर निगम के संयुक्त कार्रवाई में 15 से ज्यादा मकानों को गिराया गया था वहीं मंगलवार को लगभग 30 मकान को गिराया जाएगा।

प्रशासन द्वारा की गई स्थाई बैरिकेडिंग
लखनऊ विकास प्राधिकरण और नगर निगम द्वारा संयुक्त रूप से अकबरनगर में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करने के लिए स्थाई बैरिकेडिंग लगाई गई है। वहीं बड़े-बड़े शोरूम के सामने सात से अधिक बुलडोजर भी खड़े कर दिए गए। प्रशासन की इस कार्रवाई से लोगों में काफी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि पहले प्रशासन को हमें कहीं शिफ्ट कर देना चाहिए था, उसके बाद अगर कार्रवाई होती तो हमें इतनी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।

बेघर हुए लोग
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष इंद्रमणि त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिन लोगों की झोपड़पट्टियां खाली कराई गई हैं उन्हें वसंत कुंज में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकान में शिफ्ट कर दिया गया है। शुरुआती तौर पर उनसे ₹5000 लिए गए हैं। वहीं बाद में लखनऊ विकास प्राधिकरण किस्तों में पैसे लेगा। बताते चलें कई लोग ऐसे हैं जिन्हें अब तक मकान में शिफ्ट नहीं किया गया और उनकी झोपड़पट्टियों को भी हटा दिया गया है। उनका कहना है कि सरकार ने हमें बेघर कर दिया है हम पीढ़ियों से यहां रहते आ रहे हैंस अब हम कहां जाएं। हमारे बच्चे और हम सभी बेघर हो गए हैं। सरकार को हमारे घर उजड़ने से पहले हमें दूसरे मकान में शिफ्ट कर देना चाहिए था।

कुकरैल पर बनेगा मिनी रिवर फ्रंट
बताते चलें प्रशासन द्वारा यह कार्रवाई कुकरैल पर मिनी रिवर फ्रंट बनाने और सौंदर्यीकरण के लिए की जा रही है। इस कार्रवाई के विरोध में कई लोग कोर्ट भी गए थे। वहीं पिछले सप्ताह कोर्ट ने प्रशासन को निर्देश देते हुए कहा था कि जिन लोगों का मामला कोर्ट में लंबित है, उनको छोड़कर अन्य सभी पर प्रशासन उचित कार्रवाई कर सकता है। कोर्ट के निर्देश पर लखनऊ विकास प्राधिकरण और नगर निगम द्वारा सोमवार से ही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Also Read