Lok Sabha Election Result 2024 Live : अखिलेश यादव रुझानों से गदगद, बोले- इंटरनेट बंद करने की बनाई जा रही योजना

सोशल मीडिया | akhilesh yadav

Jun 04, 2024 15:48

अखिलेश यादव ने अपने कार्यकर्ताओं से वोटिंग पूरी होने तक मतगणना स्थल पर डटे रहने को कहा है। इसके साथ ही उन्होंने यूपी में इंटरनेट बंद करने की आशंका जताई है। सपा अध्यक्ष ने अपने बयान में कहा कि इंटरनेट बंद करने की योजना बनाई जा रही है। सपा की बढ़त देखकर भाजपा घबराने लगी है।

Short Highlights
  • अखिलेश यादव बोले- इलेक्शन कमीशन आज के दिन का पंच परमेश्वर
  • एनडीए के सत्ता से बाहर होने का किया दावा 
Lucknow News : लोकसभा चुनाव 2024 के मतों की गिनती जारी है। उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। 2019 में यहां भाजपा का शानदार प्रदर्शन रहा। पार्टी ने 62 सीटों पर जीत दर्ज की थी और उसके सहयोगी अपना दल को दो सीटें मिली थी। लेकिन, इस बार शुरुआती रुझानों में इंडिया गठबंधन पहले की अपेक्षा कहीं बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। विपक्षी गठबंधन ​के नेताओं की ओर से भाजपा के 400 पार के नारे को यूपी में फेल करने में सफल होने के दावे किए जाने लगे हैं। 

भाजपा को सपा से मिल रही चुनौती
भाजपा जहां 35 से अधिक सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं समाजवादी पार्टी का प्रदर्शन काफी बेहतर नजर आ रहा है। पार्टी फिलहाल 34 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। कांग्रेस की स्थिति में भी फिलहाल सुधार नजर आ रहा है। हालांकि ये रुझान हैं। लेकिन, समाजवादी पार्टी इससे बेहद गदगद है। पार्टी नेता अभी से एनडीए के सत्ता से बाहर होने का दावा करने लगे हैं। वहीं पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने कार्यकर्ताओं से वोटिंग पूरी होने तक मतगणना स्थल पर डटे रहने को कहा है। इसके साथ ही उन्होंने यूपी में इंटरनेट बंद करने की आशंका जताई है। सपा अध्यक्ष ने अपने बयान में कहा कि इंटरनेट बंद करने की योजना बनाई जा रही है। सपा की बढ़त देखकर भाजपा घबराने लगी है।

निर्वाचन आयोग आज के दिन का पंच परमेश्वर 
अखिलेश यादव ने कहा कि सजग, सतर्क, सचेत, सावधान रहते हुए मतगणना पर निगरानी रखें और पूरी तरह चौकन्ने रहें। जनता को जितना वोट देने का अधिकार है, उतना ही अपने वोट की रक्षा का भी। उन्होंने कहा कि आशा है चुनाव आयोग निष्पक्षता की अपनी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ायेगा और किसी भी प्रकार की धांधली की आशंका को निर्मूल करते हुए जनता के मन में अपने सम्मान को निरंतर रखेगा। आज के दिन का ‘पंच परमेश्वर’ वही है। 

सपा के देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनने का दावा
वहीं सपा की ओर से एक के बाद एक ट्वीट करके भी इंडिया गठबंधन की जीत का दावा किया गया है। इसमें कहा गया कि समाजवादी पार्टी यूपी में बड़ी जीत की तरफ अग्रसर है, जो रुझान आ रहे हैं जीत के आंकड़े उससे भी कहीं ज्यादा हैं। सपा यूपी में सबसे बड़ी पार्टी और देश में तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनने जा रही है। इंडिया गठबंधन की पूर्ण बहुमत की सरकार आ रही है। भाजपा की हर साजिश से सतर्क रहें और जोश और होश को बनाकर रखें एवं शाम को मतगणना खत्म होने, वीवीपैट मिलान, जीत का सर्टिफिकेट प्राप्त होने तक मतगणना स्थल ना छोड़ें और सारी खुशी उसके बाद ही मनाएं। भाजपा गठबंधन सरकार सत्ता से जा रही है, इंडिया गठबंधन की पूर्ण बहुमत की सरकार आ रही है।

मतगणना स्थल पर डटे रहें कार्यकर्ता
पूर्ण बहुमत की इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी। सपा यूपी में सबसे बड़ी पार्टी बनकर निकलेगी, कार्यकर्ता अपना जोश बनाए रखें, मतगणना स्थल पर होश बनाए रखें। इसके साथ ही किसी भी बेईमानी या गड़बड़ी पर पूरी नजर रखें और शंका होने पर वीडियो तस्वीर के साथ पार्टी कार्यालय द्वारा जारी नबरों पर सूचना दें। अभी सिर्फ पोस्टल बैलट की गिनती चल रही है, शाम तक पूरा रिजल्ट आने तक एवं वीवीपैट मिलान होने एवं सर्टिफिकेट जारी होने तक मतगणना स्थल, एजेंट काउंटर कतई ना छोड़ें, जो दिशा निर्देश पार्टी मुख्यालय से मिले हैं उनका पालन करें।

जोश और होश बनाए रखने की अपील
पार्टी ने एक बार फिर मीडिया पर भी सवाल उठाए हैं और कहा है कि मीडिया भाजपा कार्यालय से निर्देशित है। इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी, भाजपा और मीडिया का अवैध गठबंधन है। मीडिया के दिखाए रुझानों पर ध्यान ना देकर अपना जोश होश बनाए रखें और मौके पर डटे रहें, बदलाव निश्चित है और अंत में सत्ता परिवर्तन होकर रहेगा, भाजपा जा रही है, इंडिया की सरकार आ रही है। 

Also Read